Bareilly News: मंदिर परिसर में फेंके पशुओं के अवशेष, ग्रामीणों में गुस्सा

गांव सनेकपुर में सौहार्द विगाडने को मंदिर परिसर में फेंका गया मांस
– गांव सनेकपुर के शिवमंदिर का मामला, पुलिस ने कराई परिसर की धुलाई
संवाद न्यूज एजेंसी
हाफिजगंज। अराजक तत्वों ने गांव सनेकपुर के शिव मंदिर परिसर में पशुओं के अवशेष फेंक दिए। सुबह पूजा-पाठ करने पहुंचे श्रद्धालुओं ने यह सब देखा तो वह आक्रोशित हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मंदिर परिसर से पशुओं के अवशेषों को हटवाया और धुलाई कराई। गांव में तनाव को देखते हुए पीएसी तैनात कर दी गई है।
थाना हाफिजगंज के गांव सनेकपुर के ठाकुरद्वारा मोहल्ला में प्राचीन शिव मंदिर है। मंगलवार की रात में वहां किसी ने पशुओं के अवशेष फेंक दिए। गांव के लोग सुबह मंदिर पहुंचे तो अन्य ग्रामीणों को सूचना दी। कुछ ही देर में वहां तांता लग गया। सूचना पर थाना प्रभारी चेतराम वर्मा, सीओ चमन सिह चावडा पुलिस बल के साथ पहुंच गए। उन्होंने गुस्साए ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया और मंदिर परिसर की साफ-सफाई कराई।
थाना प्रभारी चेतराम वर्मा ने बताया कि घटना के संबंध में किसी ने तहरीर नहीं दी है। गांव में लगे सीसीटीवी कैमरे चेक किए जा रहे हैं। खुराफात करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। यदि कोई तहरीर नहीं देता है तो पुलिस अपनी तरफ से रिपोर्ट दर्ज करेगी।
एक वर्ष पहले तोड़ी थीं मंदिर में स्थापित मूर्तियां
एक वर्ष पहले भी कुछ असामाजिक तत्वों ने मंदिर में स्थापित मूर्तियों को खंडित कर दिया था और आग लगा दी थी। तब गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए छह माह तक पीएससी बल तैनात रहा था।

गांव सनेकपुर में सौहार्द विगाडने को मंदिर परिसर में फेंका गया मांस



