Bareilly News: रिछा सीएचसी में एक और नवजात की मौत
रिछा। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रिछा में प्रसव के बाद एक और नवजात की मौत हो गई है। परिजनों ने प्रसूता को थप्पड़ मारने, नर्स पर रिश्वत मांगने और प्रसव में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। एक सप्ताह पहले भी प्रसव के दौरान लापरवाही बरतने का मामला सामने आया था। दो नवजात की मौत के बाद सीएचसी स्टाफ की कार्यप्रणाली सवालों के घेरे में है।
बसंतनगर जागीर गांव के धर्मपाल ने बताया कि पत्नी ऊषा को प्रसव पीड़ा होने पर 25 सितंबर को उन्होंने रिछा सीएचसी में भर्ती कराया था। वहां तैनात नर्स ने प्रसव कराने के लिए 1,500 रुपये मांगे। जैसे-तैसे एक हजार रुपये में वह मानी। इसके बाद भी प्रसव के दौरान लापरवाही बरती गई। गलत तरीके से प्रसव कराने की वजह से नवजात की हालत बिगड़ गई।
तुरंत ही वह एंबुलेंस से नवजात को लेकर बरेली के निजी अस्पताल पहुंचे। जांच के बाद डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। धर्मपाल ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत की है। मामले की जांच सीएमओ को दी गई है। मामले में जब सीएचसी प्रभारी डॉ. शुएब खान से बात की गई तो उन्होंने जानकारी से इन्कार किया।
21 सितंबर को सिंधौरा गांव के रहने वाले जयप्रकाश की पत्नी ममता ने बेटे को जन्म दिया था। आरोप है कि 2,500 रुपये नहीं देने पर प्रसव के दौरान लापरवाही बरती गई। इस वजह से नवजात की हालत बिगड़ गई। 27 सितंबर को मासूम की मौत हो गई थी।
पीलीभीत के सांसद वरुण गांधी के प्रतिनिधि ढाकनलाल गंगवार ने बताया कि रिछा सीएचसी पर इलाज में लापरवाही के कई मामले सामने आ चुके हैं। अब सांसद वरुण गांधी से इसकी शिकायत की जाएगी।



