बरेली

Bareilly News: रेफर के खेल में एक और नवजात की मौत, एसएनसीयू में हंगामा

Connect News 24

बरेली। रेफर के खेल में एक और नवजात की मौत हो गई। इसके बाद परिजनों ने स्टाफ पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए महिला अस्पताल के स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट (एसएनसीयू) के बाहर घंटेभर हंगामा किया। रिश्वत मांगने के भी आरोप लगाए। स्टाफ ने नवजात के पिता पर जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर शांत कराया। दोनों पक्षों ने कार्रवाई के लिए कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

बिहारीपुर के शादाब ने सोमवार रात प्रसव पीड़ा होने पर पत्नी को शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। वहां जन्मी बच्ची की हालत बेहद गंभीर थी, लिहाजा उसे महिला अस्पताल के एसएनसीयू में भर्ती करने के लिए रेफर किया गया था। अस्पताल प्रशासन के मुताबिक देर रात बच्ची को लेकर पिता एसएनसीयू में भर्ती कराने पहुंचा था। एसएनसीयू में हुए हादसे की जानकारी देते हुए प्राथमिक उपचार के बाद नवजात को बदायूं मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया गया था।

मंगलवार सुबह 9.50 बजे बच्ची और उसकी मां को साथ लेकर शादाब फिर अस्पताल पहुंच गया। जांच में बच्ची मृत पाई गई। इसकी जानकारी पर दोनों भड़क गए। स्टाफ द्वारा देर रात इलाज के दौरान गलत इंजेक्शन लगाने से बच्ची की मौत का आरोप लगाया। स्टाफ ने आपत्ति जताई तो दोनों के बीच नोकझोंक शुरू हुई। करीब घंटेभर हंगामा चला।

परिजन बोले – स्टाफ नर्स को दिए थे 15 सौ रुपये, तोड़ दिया फोन

हंगामा बढ़ने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। शादाब ने आरोप लगाया कि स्टाफ ने बच्ची को भर्ती करने के लिए उनसे 1,500 रुपये लिए थे। बाद में 2,500 रुपये और मांगे। रुपये नहीं देने पर रेफर करने लगीं और गलत इलाज किया। जिससे बच्ची की मौत हुई। विरोध पर स्टाफ नर्स अभद्रता करने लगीं। वीडियो बनाया तो फोन छीनकर तोड़ दिया।

आरोपी स्टाफ नर्स ने बताया कि रात में ही बच्ची की हालत गंभीर होने और एसएनसीयू में भर्ती न किए जाने के बारे में जानकारी दी गई थी। रुपये लेकर इलाज करने का आरोप झूठा है। सुबह बच्ची को मृत अवस्था में लेकर पहुंचे थे। जानकारी दी तो इलाज में लापरवाही का आरोप लगाकर धक्का-मुक्की करने लगा। जान से मारने की धमकी भी दी।

महिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. त्रिभुवन प्रसाद के मुताबिक हादसा एसएनसीयू के बरामदे में हुआ था। खामियों को दुरुस्त करा दिया गया है। वायरिंग भी बदल दी गई है। डीएम के सुझाव पर एहतियातन नवजात को रेफर किया जा रहा है। प्रकरण की जांच चल रही है। जांच पूरी होने पर जो खामियां मिलेंगी, उन्हें भी दूर कराने के बाद नवजात को भर्ती किया जाएगा।

पिता देर रात बच्ची को लेकर एसएनसीयू में भर्ती कराने पहुंचा था। बच्ची की हालत गंभीर थी तो उसे स्टाफ ने प्राथमिक इलाज मुहैया कराकर रेफर कर दिया था। फिर वह चला गया। रातभर वह कहां रहा, यह पता नहीं। सुबह लौटा तो बच्ची की मौत हो चुकी थी। जानकारी दी तो हंगामा करने लगा। स्टाफ के खिलाफ अगर शिकायती पत्र मिलेगा तो जांच कराई जाएगी। – डॉ. त्रिभुवन प्रसाद, सीएमएस, महिला अस्पताल

महिला अस्पताल में नवजात की मौत के बाद हंगामा होने की जानकारी पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। दोनों पक्षों की ओर से तहरीर मिली है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी। – डीके शर्मा, इंस्पेक्टर कोतवाली


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button