बरेली

Bareilly News: अशोका फोम फैक्टरी में भीषण आग, ढाई घंटे में पाया काबू

Connect News 24

फरीदपुर। बरेली-शाहजहांपुर हाईवे किनारे स्थित अशोका फोम फैक्टरी में बुधवार शाम सात बजे भीषण आग लग गई। कई फुट ऊंची लपटें उठती देख अफरातफरी का माहौल रहा। फायरब्रिगेड की पांच गाड़ियों ने करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग में छह से ज्यादा कर्मचारी झुलसने की बात बताई जा रही है, जबकि दो लोग लापता हैं।

बरेली-शाहजहांपुर हाईवे पर अशोका फोम की चार फैक्टरी हैं। जेड गांव के पास एक फैक्टरी में गद्दे के लिए फोम बनाने का काम किया जाता है। फैक्टरी में शाम सात बजे तेज धमाके के साथ एक हिस्से में आग लग गई। यहां फोम बनाई जा रही थी, फोम में आग लगी तो कुछ ही देर में ऊंची लपटें उठनी शुरू हो गईं। इससे कर्मचारियों में भगदड़ मच गई। परसाखेड़ा, बरेली और फरीदपुर से फायरब्रिगेड की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग की ऊंची लपटें और धमाके की आवाज सुनकर आसपास के गांव के लोग भी आ गए।

कड़ी मशक्कत के बाद रात करीब साढ़े नौ बजे आग पर काबू पाया जा सका। झुलसने वालों में हरहरपुर निवासी रवि, नकटिया निवासी बबलू, धारमपुर निवासी हंसराज आदि शामिल हैं। देर रात तक पुलिस-प्रशासन का रेस्क्यू ऑपरेशन जारी था। झुलसे लोगों को एंबुलेंस से बरेली भेजा गया है। सरकड़ा गांव निवासी राकेश और हरहरपुर निवासी अरविंद लापता बताए जा रहे हैं। देर रात तक उनकी तलाश की जाती रही। सूचना पाकर सीएफओ, एफएसओ, सीओ फरीदपुर गौरव सिंह के साथ पुलिस-प्रशासन के अधिकारी भी घटनास्थल पहुंच गए।

500 मीटर तक सुनाई दिया धमाका

फैक्टरी में धमाका इतना तेज था कि यहां से करीब 500 मीटर दूर स्थित गांव में भी लोग सहम गए। किसी ने इसे बिजली गिरना तो किसी ने बम फटना माना। आग की लपटें पांच किमी दूर से स्पष्ट दिखाईं दे रहीं थीं।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button