Bareilly News: स्क्रीनशॉट वायरल कर दरोगा को बदनाम करने की कोशिश
संवाद न्यूज एजेंसी, बरेली
Updated Tue, 05 Sep 2023 02:40 AM IST
फरीदपुर। व्हाट्सएप के स्क्रीनशॉट वायरल कर दरोगा को बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। प्रारंभिक जांच में अधिकारियों को आरोप सही नहीं मिले हैं।
फरीदपुर में खुराफाती आए दिन किसी न किसी को बदनाम करने की कोशिश करते रहते हैं। कुछ दिन पहले इंस्पेक्टर को बदनाम करने के लिए गुमनाम पत्र वायरल किया गया था। अब एक चौकी इंचार्ज के नंबर के आधार पर स्क्रीनशॉट बनाकर वायरल किया गया है। ऐसे वायरल मेसेज एसएसपी तक पहुंचे तो उन्होंने जांच सीओ फरीदपुर गौरव सिंह को सौंप दी। एसपी देहात राजकुमार अग्रवाल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि स्क्रीनशॉट एडिट करके बनाया गया है। दरोगा पर लगाए आरोपों की पुष्टि नहीं हुई।
ये लिखा है स्क्रीनशॉट में
स्क्रीनशॉट में लिखा है कि दो लाख रुपये तैयार रखे हैं। तस्कर बहार अली एवं इस्लाम के नाम का भी जिक्र किया गया है जो स्मैक तस्करी में वांछित चल रहे हैं। मोहल्ला ऊंचा निवासी बहार अली को जेल भेजने का भी जिक्र किया गया है। अधिकारियों के मुताबिक पुलिस की ओर से स्मैक तस्करों पर कार्रवाई की जा रही है। इससे बौखलाए लोग फर्जी आरोप लगा रहे हैं।



