बरेली

Bareilly News: प्रधानाध्यापिका से दुष्कर्म की कोशिश

Connect News 24

रिछा। ब्लॉक क्षेत्र के एक प्राथमिक विद्यालय की प्रधानाध्यापिका से सहायक अध्यापक ने दुष्कर्म की कोशिश की। प्रधानाध्यापिका ने कार्यालय में बंदकर खुद को बचाया। मामले की शिकायत बीएसए से की गई है। बीएसए ने दो सदस्यीय जांच कमेटी गठित की है। दो सप्ताह में कमेटी अपनी रिपोर्ट सौंपेगी।

प्रधानाध्यापिका ने बताया कि 19 अगस्त को वह विद्यालय में मौजूद थी। आरोपी सहायक अध्यापक ने बहाने से उसे कक्ष में बुलाया। कक्षा में बैठे विद्यार्थियों को बाहर भेजकर उसने दुष्कर्म की कोशिश की। विरोध करने पर कपड़े फाड़ दिए। भागकर वह कार्यालय में बंद हो गई। अन्य लोगों के आने पर वह बाहर निकली।

आरोप है कि सहायक अध्यापक विद्यालय में पढ़ने वाली बच्चियों पर भी गलत निगाह रखता है। वह उनके वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट करता है। मना करने के बाद भी आरोपी अपनी हरकतें बंद नहीं कर रहा। प्रधानाध्यापिका ने जांच कराकर आरोपी शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत पर बीएसए संजय सिंह ने जांच के लिए दो सदस्यीय कमेटी का गठन किया है। कमेटी में फतेहगंज पश्चिमी की बीईओ प्रियांशी सक्सेना और भुता ब्लॉक के बीईओ भानुशंकर को शामिल किया गया है। जांच कमेटी की रिपोर्ट के बाद मामले में कार्रवाई की जाएगी।

शिकायत करने पर लगाए फर्जी आरोप

मामले में जब सहायक अध्यापक से बात की गई तो उन्होंने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को निराधार बताया। जिस दिन की घटना बताई जा रही है उस दिन तीज का अवकाश था। प्रधानाध्यापिका ने उस दिन स्कूल आकर मुझे झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी थी। इसकी शिकायत उन्होंने बीईओ से भी की थी। कक्षा के पंखे न चलने की शिकायत मैंने शिक्षक संघ के पदाधिकारी से की थी। इससे प्रधानाध्यापिका नाराज हैं। इसी के चलते वह झूठे आरोप लगा रही हैं।

मामला संज्ञान मेंं है। जांच के लिए दो सदस्यीय कमेटी गठित की गई है। एक सप्ताह में कमेटी रिपोर्ट सौंपेगी। इसके बाद मामले में कार्रवाई की जाएगी। – संजय सिंह, बीएसए


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button