Bareilly News: बीए द्वितीय, चतुर्थ सेमेस्टर के वैकल्पिक विषयों की परीक्षा तिथि में हुआ बदलाव
बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने स्नातक सम सेमेस्टर के चार वैकल्पिक विषयों की परीक्षा का संशोधित कार्यक्रम जारी किया है। साथ ही, संबद्ध महाविद्यालयों के प्राचार्य और केंद्राध्यक्षों को पत्र भेजकर विद्यार्थियों को इसकी जानकारी देने के लिए कहा गया है।
परीक्षा नियंत्रक संजीव कुमार की ओर से जारी पत्र के मुताबिक बीए द्वितीय और चौथे सेमेस्टर के वैकल्पिक विषय भूगोल, रक्षा विज्ञान, सांख्यिकी और गणित की परीक्षा तिथि संशोधित की गई है। बीए द्वितीय सेमेस्टर के वैकल्पिक विषयों की परीक्षा 29 अगस्त को प्रस्तावित थी। अब यह बीएससी द्वितीय सेमेस्टर के वैकल्पिक विषयों की परीक्षा के साथ दो सितंबर को होगी। बीए चौथे सेमेस्टर के वैकल्पिक विषयों की परीक्षा 25 अगस्त को प्रस्तावित थी। अब यह बीएससी चौथे सेमेस्टर के वैकल्पिक विषयों की परीक्षा के साथ चार सितंबर को होगी।
संबंधित परीक्षा कार्यक्रम परीक्षार्थियों के प्रवेशपत्र पर भी संशोधित करा दिया गया है। सभी संबद्ध कॉलेजों के प्राचार्य और केंद्राध्यक्ष से संशोधन की सूचना परीक्षार्थियों को देने के लिए कहा गया है ताकि कोई असमंजस न रहे। संशोधित कार्यक्रम के तहत परीक्षार्थियों को विवि की वेबसाइट से फिर से परीक्षा प्रवेश पत्र डाउनलोड करना होगा। प्राचार्याें को संबंधित बदलाव के साथ परीक्षा संपन्न कराने के लिए कहा है।
बीए चतुर्थ सेमेस्टर की शारीरिक शिक्षा एवं खेलकूद की परीक्षा 25 अगस्त को प्रस्तावित थी। अब यह परीक्षा 30 अगस्त को होगी। समय दोपहर दो से चार बजे तक निर्धारित है। सभी परीक्षार्थियों को संशोधित तिथि का प्रवेशपत्र डाउनलोड कर परीक्षा केंद्र पर पहुंचने के लिए कहा गया है।
रुहेलखंड विश्वविद्यालय परिसर में संचालित बीटेक कोर्स में प्रवेश के लिए अब अभ्यर्थियों को अंतिम मौका मिला है। फैकल्टी ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी के डीन की ओर से रिक्त सीटों के सापेक्ष आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। अभ्यर्थियों को विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर ऑनलाइन पंजीकरण करना होगा। इसमें इंटर पास अभ्यर्थी भी पंजीकरण करा सकते हैं, मगर वरीयता जेईई रैंक के आधार पर रहेगी।



