Budaun News: बिल्सी में हैंडपंप खराब, लोगों ने किया प्रदर्शन
संवाद न्यूज एजेंसी, बदायूं
Updated Thu, 24 Aug 2023 02:27 AM IST

बिल्सी में हैंडपंप को लेकर प्रदर्शन करते लोग। संवाद
बिल्सी। नगर के मोहल्ला संख्या आठ के वार्ड संख्या 11 में लगे इंडिया मार्का हैंडपंप के लंबे समय से खराब पड़े होने के कारण यहां के लोगों को पीने के पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। इससे गुस्साए लोगों ने बुधवार को नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए हैंडपंप को ठीक कराए जाने की मांग की है।
वार्ड निवासी तौहिद राजा ने बताया कि आए दिन हैंडपंप खराब हो जाता है। इसके कारण वार्ड की गरीब जनता को पीने के पानी के लिए काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। हैंडपंप ठीक कराने को लेकर कई बार नगर पालिका प्रशासन को अवगत कराया है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ।
इसी के चलते लोगों ने सड़क पर आकर प्रदर्शन किया। जैसे ही इसकी सूचना पालिका को हुई तो हैंडपंप को तत्काल ठीक करा दिया गया। इस मौके पर आविद अल्वी, मुशाहिद अली, नगमा आदि मौजूद रहे। संवाद