Budaun News: केबल डालने के लिए खोदी सड़क तोड़ा नाला, पालिका ने दिया नोटिस
संवाद न्यूज एजेंसी, बदायूं
Updated Thu, 24 Aug 2023 02:24 AM IST
बिसौली। ऊर्जा निगम ने अंडरग्राउंड केबल डालने के लिए नगर में 700 मीटर सड़क खोद दी और नाला तोड़ दिया। इस पर पालिका प्रशासन ने ऊर्जा निगम को नोटिस दिया है।
विगत 20 जुलाई की रात को गवां देवत रोड पर घर के बाहर सो रहे एक परिवार पर हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर गिर गया था। इसमें महिला समेत उसके पुत्र और पुत्री की मौत हो गई थी। इस घटना से आक्रोशित लोगों ने हाईटेंशन लाइन तोड़ दी थी। इसके चलते तीन दिन तक आधे नगर में बिजली आपूर्ति ठप रही।
इस समस्या के हल के लिए ऊर्जा निगम के अधिशासी अभियंता रामलाल ने अंडरग्राउंड केबल डालने का फैसला लिया। इसके बाद एजेंसी ने गवां देवत रोड तोड़कर अंडरग्राउंड केबल बिछा दी। केबल बिछने से तीन वार्डों में करीब 700 मीटर सड़क और नाला क्षतिग्रस्त कर दिया गया।
इससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसके बाद पालिका के ईओ शैलेंद्र कुमार ने अधिशासी अभियंता को नोटिस जारी कर टूटी सड़क और नाले को बनाने की बात की है।