Bareilly News: बहेड़ी है सबसे कमाऊ थाना, सांसद की चिट्ठी से उठे सवाल
बरेली। यूपी-उत्तराखंड की सीमा पर बसा मिश्रित आबादी वाला बहेड़ी कस्बा सांसद वरुण गांधी की चिट्ठी के बाद फिर चर्चा में है। दरअसल, सीमा क्षेत्र में होने की वजह से बहेड़ी जिले का सबसे कमाऊ थाना माना जाता है। फतेहगंज पश्चिमी के अलावा बहेड़ी की थानेदारी के लिए इंस्पेक्टर लालायित रहते हैं।
यहां अन्य पदों पर तैनाती भी पुलिसवालों की पसंद रहती है। इसकी बड़ी वजह घनी आबादी में होने वाले अवैध धंधे हैं। यहां कुछ खास इलाकों में घरों में ही पशुओं की कटान आम बात है। कस्बे से सटे खेतिहर इलाके में भी कटान के बाद तस्कर अवशेष फेंककर भाग जाते हैं। लाइन पार का इलाका जुआ के लिए चर्चित है। सट्टा भी कुछ खास इलाकों में खूब होता है। पुलिस ने हाल ही में दिखावे के लिए कार्रवाई भी की है। स्मैक की पुड़िया कुछ दुकानों पर आसानी से मुहैया हो जाती है।
क्षेत्र में अवैध धंधों को लेकर मुखर हुए सांसद
सांसद बहेड़ी थाना क्षेत्र में अवैध धंधों को लेकर मुखर हुए हैं। उन्होंने बहेड़ी में जुआ कराने, रेलवे लाइन के एक मोहल्ले से लेकर नगर की संकरी गलियों में सट्टे का कारोबार गुलजार होने का मुद्दा उठाया है। युवा पीढ़ी के नशे के चंगुल में फंसकर जीवन बर्बाद करने की बात कही है। उन्होंने लिखा है कि घर-घर में होते अवैध कटान और नालियों में बहने वाले खून से इसकी तस्दीक होती है। इससे यह भी साफ होता है कि पुलिस की सरपरस्ती में सभी काले कारनामे चल रहे हैं।
चिट्ठी के बाद पुलिस-प्रशासन अलर्ट
पीलीभीत-बहेड़ी लोकसभा क्षेत्र के सांसद वरुण गांधी लंबे समय से अपनी ही सरकार व शासन की कार्यप्रणाली की आलोचना करते आ रहे हैं। अभी तक सत्तापक्ष की पार्टी से जुड़े होने की वजह से चिट्ठी को लेकर पुलिस-प्रशासन अलर्ट हो गया है। खुफिया अमले ने भी इनपुट जुटाने शुरू कर दिए हैं। लखनऊ से पूछताछ के बाद स्थानीय स्तर पर भी अधिकारी सजग हुए हैं। आईजी डॉ. राकेश सिंह ने एसएसपी घुले सुशील चंद्रभान से मामले में जांच कराने को कहा है। आईजी ने बताया कि विभागीय स्तर पर गड़बड़ी के साक्ष्य मिले तो कार्रवाई की जाएगी।


