Bareilly News: यूपी को उत्तराखंड को जोड़ने वाले बल्लिया शीशगढ़ मार्ग का होगा चौड़ीकरण…बढ़ेगी रफ्तार
बरेली। उत्तर प्रदेश को उत्तराखंड से जोड़ने वाले बल्लिया-शीशगढ़- बहेड़ी- रुद्रपुर मार्ग के चौड़ीकरण का रास्ता साफ होता हुआ दिख रहा है। इस समय मार्ग 5.5 मीटर चौड़ा है। आने वाले दिनों में इसकी चौड़ाई सात मीटर की जाएगी। बजट की मंजूरी के लिए प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। शासन की व्यय वित्त समिति की बैठक में जल्दी ही स्वीकृति मिलने की उम्मीद है।
मार्ग की कुल लंबाई 63 किलोमीटर है। इसका प्रारंभिक भाग 26.2 किलोमीटर बरेली जिले में है। बल्लिया शीशगढ मार्ग पर 200 से अधिक गांव हैं। हजारों लोगों का आना जाना रहता है। मार्ग के चौड़ीकरण की मांग जनता पांच वर्ष से उठा रही है लेकिन जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से सिर्फ आश्वासन ही मिलते रहे हैं। लोक निर्माण विभाग को सांसद ने सड़क के चौड़ीकरण के लिए पत्र भेजा है। इसके बाद मुख्य अभियंता संजय कुमार तिवारी ने प्रस्ताव को व्यय वित्त समिति (ईएफसी) के लिए भेज दिया है। जल्दी ही स्वीकृति मिलने की उम्मीद है।



