Rampur News: एसडीएम ने भरवाए ईंट भट्ठों के आसपास के गड्ढे
रामपुर। जिलाधिकारी के आदेश पर बिलासपुर उप जिलाधिकारी ने शुक्रवार को दूसरे दिन भी क्षेत्र के ईंट भट्ठों के आसपास गहरे गड्ढों को पूरे दिन भरवाया तथा पानी भरे गड्ढों से पंपिंग सेट के जरिसे पानी निकलवाया। कुछ स्थानों पर बड़े गड्ढों के आसपास तारबंदी कराई, ताकि कोई हादसा न हो।शाहबाद क्षेत्र में बच्चों के डूबने की घटना के बाद जिलाधकारी ने सभी उप जिलाधिकारियों को निर्देश दिए थे कि वह अपने तहसील क्षेत्र के ईंट भट्ठों के गड्ढों को भरवाएं, जिन गड्ढों में पानी भरा हुआ है, वहां से पानी निकलवाएं। एसडीएम अमन देयोल ने बताया कि उच्चाधिकारियों के आदेश पर बृहस्पतिवार को क्षेत्र के सभी ईंट भट्ठों का सर्वे कराया था। शुक्रवार की सुबह से ही ग्राम मनकरा, पनवड़िया, रम्पुरा, पिपलिया, टेहरी ख्वाजा, अहरो, सिसौना आदि गांवों के ईंट भट्ठों के गड्ढों को जेसीबी के जरिये भरवाया। कई गड्ढों से पानी निकलवाया गया।
ग्राम महतोष में एक ईंट भट्टे के समीप गड्ढे की लंबाई-चौड़ाई अधिक होने की वजह से कटीले तारों की तारबंदी की गई है, ताकि कोई भी इन गहरे गड्ढों में न गिर सके। एसडीएम ने बताया कि क्षेत्र में कोई भी फिलहाल ऐसा गड्ढा पानी भरा हुआ नहीं है। इसके बावजूद अगर कोई सूचना कहीं से आती है तब वह तुरंत ही गड्ढे को भरवाने का काम करेंगे।