बरेली

Bareilly News: पाबंदी बेअसर, प्रतिबंधित इलाकों में खूब दौड़े ई-रिक्शा

Connect News 24

बरेली। शहर को जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए व्यस्त इलाकों में ई-रिक्शा के संचालन पर पाबंदी मंगलवार को भी बेअसर रही। प्रतिबंधित इलाकों में ई-रिक्शा दौड़ते रहे। कुछ स्थानों पर ट्रैफिक पुलिस और होमगार्ड के जवान इनको रोकते नजर आए पर शिवाजी पार्क से साहू गोपीनाथ स्कूल और आलमगिरीगंज में दोपहर के बाद ई-रिक्शा पर प्रतिबंध जैसी कोई बात नजर नहीं आई। ई-रिक्शा के व्यवस्थित संचालन के लिए तीन माह से कवायद जारी है पर इसका कोई हल नहीं निकल पा रहा है। जैसे ही ट्रैफिक पुलिस एक कदम आगे बढ़ाती है, आटो व ई-रिक्शा यूनियन विरोध में खड़ी हो जाती है। इससे शहर की ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार नहीं हो पा रहा है।

कुतुबखाना से बड़ा बाजार तक काफी व्यस्त इलाका है। यहां दोनों ओर सुबह से ही ट्रैफिक पुलिस और होमगार्ड के जवानों की तैनाती कर दी गई थी। इससे इलाके में जाम तो नहीं लगा, पर ई-रिक्शा दौड़ते नजर आए। हालांकि, अन्य दिनों के मुकाबले उनकी संख्या कम रही।

शिवाजी पार्क से साहू गोपीनाथ स्कूल मार्ग भी ई-रिक्शा के कारण अक्सर जाम लगता है। मंगलवार को प्रतिबंध के बाद भी इस इलाके में ई-रिक्शा दौड़ते नजर आए। दोपहर में सख्ती हुई तो इनकी संख्या में कमी आई, लेकिन बाद में फिश्र वही स्थिति हो गई।

आलमगिरीगंज में ई-रिक्शा के संचालन पर पाबंदी का असर नहीं दिखा। यहां तिराहे से कुतुबखाना, बांस मंडी, घी मंडी सभी इलाकों में ई-रिक्शा का संचालन बेरोकटोक होता रहा। हालांकि, सोमवार के मुकाबले इनकी संख्या कुछ कम रही।

साहूकारा से क्रिला क्रॉसिंग के बीच भी ई-रिक्शा दौड़ते नजर आए। काफी ई-रिक्शा चालकों ने कार्रवाई के डर से मुख्य मार्ग को छोड़कर छोटी गलियों का रास्ता पकड़ लिया।

किला क्रॉसिंग से साहूकारा, कुतुबखाना चौराहे से आलमगिरीगंज तिराहा और शिवाजी चौराहे से साहू गोपीनाथ स्कूल तक पाबंदी के बीच काफी संख्या में ई-रिक्शा गली-कूंचों से गुजरते रहे। कई बार मुख्य मार्ग पर आने पर इनको पुलिस ने रोका। मान-मनौव्वल करने पर कुछ को जाने भी दिया।

ई-रिक्शा के आवागमन पर पाबंदी वाले इलाकों का हाल जानने एसपी ट्रैफिक राम मोहन सिंह भी निकले। उन्होंने किला क्रॉसिंग, आलमगिरीगंज, साहू गोपीनाथ स्कूल इलाके में यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। प्रतिबंधित क्षेत्र में मिलने पर 12 ई-रिक्शा का चालान भी किया गया।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button