बरेली

Bareilly News: दक्षिण भारत के तीर्थस्थलों की यात्रा कराएगी भारत गौरव ट्रेन

Connect News 24

बरेली। इंडियन रेलवे केटरिंग एंड टूरिज्म कार्पोरेशन लिमिटेड (आईआरसीटीसी) लग्जरी भारत गौरव ट्रेन से लोगों को दक्षिण भारत के प्रमुख तीर्थ और पयर्टन स्थलों की यात्रा कराएगा। 10 जुलाई को योग नगरी ऋषिकेश से यात्रा शुरू होगी और 20 जुलाई को वहीं खत्म होगी। ट्रेन की कुल 767 सीटों के लिए बुकिंग शुरू हो गई है।

भारत गौरव ट्रेन से मल्लिकार्जुन ज्योतिर्लिंग (मरकापुर), तिरुपति बालाजी मंदिर (तिरुपति), मीनाक्षी मंदिर (मदुरै), रामनाथ स्वामी मंदिर (रामेश्वरम), स्थानीय दर्शन (कन्याकुमारी) की यात्रा के लिए 10 रात और 11 दिन का पैकेज है। इस ट्रेन में एसी-टू 49, एसी-थ्री 70 और स्लीपर श्रेणी में 648 सीटें होंगी। ऋषिकेश से चलने के बाद ट्रेन का हरिद्वार, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, हरदोई, लखनऊ, रायबरेली जंक्शन, प्रतापगढ़, प्रयागराज जंक्शन, मानिकपुर और सतना में ठहराव होगा।

आईआरसीटीसी के मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक अजीत कुमार सिन्हा ने बताया कि स्लीपर इकॉनामी श्रेणी में प्रति व्यक्ति पैकेज 20,870 रुपये का है। पांच से 11 वर्ष तक के बच्चे के लिए 19,642 रुपये पैकेज है। एसी-थ्री में 35,072 और पांच से 11 वर्ष तक के बच्चे के लिए 33,628 रुपये है। एसी-टू में यह पैकेज 46,557 और 44,825 रुपये का होगा। यात्रियों को नॉन एसी और एसी होटलों में ठहराने के साथ ट्रांसपोर्ट सुविधा भी मुहैया कराई जाएगी।

आसान मासिक किस्तों पर भी कर सकेंगे यात्रा

आईआरसीटीसी ने यात्रियों की सुविधा के लिए आसान मासिक किस्तों की व्यवस्था भी की है। प्रतिमाह 1022 रुपये की मासिक किस्त पर यात्रा की जा सकती है। यह सुविधा आईआरसीटीसी पोर्टल पर उपलब्ध सरकारी और निजी बैंकों से ली जा सकती है। बुकिंग पहले आओ पहले पाओ के आधार पर होगी।

यहां करा सकते हैं टिकट बुक

यात्री आईआरसीटीसी की वेबसाइट www.irctctourism.com पर ऑनलाइन बुकिंग करा सकते हैं। अधिक जानने और बुकिंग के लिए मोबाइल नंबर 9953537153, 8595924296 और 8287930906, 8287930913 पर संपर्क कर सकते हैं।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button