बरेली

Bareilly News: भूमाफिया एलायंस ग्रुप के साथी हनी भाटिया का हिस्सेदारों ने छोड़ा साथ

Connect News 24

बरेली। कभी सत्ता तक धमक रखने वाले एलायंस ग्रुप का पत्ता साफ होने के कगार पर है। अब करीबी भी साथ छोड़ने लगे हैं। भूमाफिया ग्रुप से पैरोकारी के नाम पर करोड़ों वसूलने वाले शख्स ने मुखौटा कंपनी से पदाधिकारियों को बदलकर खुद को पाकसाफ दिखाने की कोशिश की है। हालांकि मामला पुलिस की नजर में आने से उसकी गिरफ्तारी भी तय मानी जा रही है।

भूमाफिया गिरोह घोषित हो चुके एलायंस ग्रुप की कई मुखौटा कंपनियां आज भी अस्तित्व में हैं। उन्हें नाम और पहचान बदलकर चलाया जा रहा है। ऐसी ही एक कंपनी को भूमाफिया गैंग का सदस्य हनी भाटिया संचालित कर रहा था। पहले इस फर्म का दफ्तर रमनदीप सिंह के रेजिडेंसी गार्डन स्थित ऑफिस के पते पर था।

एलायंस ग्रुप के दुर्दिन शुरू होने के साथ ही दो सितंबर 2022 को इस कंपनी के दूसरे निदेशक ने हनी भाटिया को कंपनी से हटाकर हरियाणा के सोनीपत निवासी बिल्डर को उसकी जगह निदेशक बना दिया। इसके साथ ही सिटी हार्ट कॉलोनी स्थित अपने घर का पता कंपनी के दफ्तर के रूप में डाल दिया। मुखौटा कंपनी को बदस्तूर संचालित किया जा रहा है। पुलिस प्रशासन जब तीसरे चरण के लिए संपत्ति जब्त करने जा रहा है तो यह मामला भी संज्ञान में लाया गया है, जल्द ही मुखौटा कंपनी चला रहे शख्स व उसके पार्टनर पर कार्रवाई के आसार हैं।

पैरोकारी के नाम पर करोड़ों समेटे

सिटी हार्ट कॉलोनी में रहकर फर्म चला रहे शख्स को एलायंस ग्रुप के भूमाफिया बिल्डर्स ने अर्श से फर्श पर पहुंचाने का काम किया है। वह एक मामूली शख्स था, जिसने एलायंस ग्रुप के साथ काम करके भरोसा जीत लिया। इसके बाद वह ग्रुप और अधिकारियों के बीच की कड़ी बन गया। जब भूमाफिया ग्रुप के बुरे दिन शुरू हुए तो उसने उनसे पैरोकारी के बदले फिर करोड़ों रुपये समेट लिए। फिर खुद को घिरता देखकर अलग रहकर काम करने लगा है। कानून के शिकंजे में फंसे दूसरे बिल्डरों को भी वही शख्स पैरोकारी कर बचाने का झांसा दे रहा है।

एलायंस ग्रुप की कुछ मुखौटा कंपनियां सामने आ चुकी हैं और कुछ लगातार कार्रवाई में पता लग रही हैं। किसी भी मुखौटा कंपनी में पदाधिकारी या पता बदलने से बचाव संभव नहीं होगा। भूमाफिया ग्रुप से जुड़ाव वाली सभी संपत्ति जब्त होगी, दोषी उन्हीं धाराओं में जेल जाएंगे। – राहुल भाटी, प्रभारी एसएसपी


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button