Bareilly News: सड़क किनारे रखे ट्रांसफार्मर से टकराई बाइक, युवक की मौत
नवाबगंज/क्योलड़िया। नकटी नरायनपुर गांव के पास सड़क किनारे रखे ट्रांसफार्मर से बुधवार रात बाइक सवार टकरा गया। अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। बृहस्पतिवार देर शाम उसका अंतिम संस्कार किया गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि ट्रांसफार्मर सड़क से सटाकर रखा है। इस वजह से यहां आए दिन हादसे होते हैं।
धनौर जागीर गांव के मंगली प्रसाद थाना क्योलड़िया में होमगार्ड के पद पर तैनात हैं। उनका बेटा मुनेंद्र कुमार (22 वर्ष) भुता के प्रीति महाविद्यालय में बीएससी का छात्र था। बुधवार को मुनेंद्र पीलीभीत के थाना जहानाबाद के मगरासा गांव निवासी अपने दोस्त रवि कुमार की शादी में शामिल होने अमीरनगर गांव गए थे।
रात करीब 12 बजे वह वहां से घर के लिए चल दिए। नकटी नरायनपुर गांव के पास सड़क किनारे रखा गया ट्रांसफार्मर उन्हें दूर से नजर नहीं आया। नजदीक जाने पर बाइक अनियंत्रित होकर ट्रांसफार्मर से टकरा गई। हेलमेट न पहना होने की वजह से सिर में चोट आई। सूचना पर पहुंचे परिजन मुनेंद्र को लेकर बरेली के निजी अस्पताल पहुंचे। यहां उनकी मौत हो गई।
परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया। देर शाम गांव में ही अंतिम संस्कार किया गया। घटना के बाद से पिता मंगली प्रसाद, मां नन्ही देवी, बहन ममता और भाई मनीष कुमार का रो-रोकर बुरा हाल है।



