Bareilly News: भाजपा नेता के बेटे ने भाजयुमो मीडिया प्रभारी को पीटा
बरेली। निकाय चुनाव निपटने के बाद अब मारपीट और विवादों की शिकायतें बढ़ गई हैं। भाजपा को वोट करने के मामलों में एक ही समुदाय के लोग आपस में भिड़ रहे हैं। सोशल मीडिया पर तीखी टिप्पणी कर रहे हैं। आरोप है कि मतदान के दिन भाजपा नेता पप्पू गिरधारी के बेटे धर्मेंद्र राठौर ने अपने साथियों के साथ मिलकर भाजयुमो के जिला मीडिया प्रभारी की पिटाई कर दी। आरोपियों के खिलाफ बारादरी थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।
सम्राट अशोक नगर निवासी सूरज राठौर भाजपा युवा मोर्चा में जिला मीडिया प्रभारी हैं। मतदान के बाद सूरज क्षेत्र के पार्क में बैठे थे। सूरज को देखकर पप्पू गिरधारी का बेटा धर्मेंद्र राठौर उर्फ रिंकू, अनिल, समर सिंह, रिंकू अपने पांच-छह अन्य साथियों के साथ आए और सूरज के साथ अभद्रता करने लगे। आरोप है कि सूरज के विरोध करने पर ये लोग हाथापाई कर उसे जान से मारने की धमकी देने लगे। आसपास के लोग इकट्ठे हुए तो उन्होंने बीच-बचाव कराया। सूरज का आरोप है कि आरोपी उनकी छवि धूमिल करने की कोशिश कर रहे हैं। सूरज की तहरीर पर जांच के बाद धर्मेंद्र राठौर और उसके साथियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
नामजद आरोपी धर्मेंद्र राठौर का कहना है कि उन पर जो मुकदमा दर्ज कराया गया है, वह फर्जी है। सूरज राठौर मतदान के दिन निर्दलीय प्रत्याशी के पक्ष में वोट डलवा रहा था, जब इसका विरोध किया तो वह गाली देने लाग। भाजपा शीर्ष नेतृत्व से इसकी शिकायत की गई है। पुलिस अधिकारियों काे भी घटना से अवगत कराया दिया गया है।
फोटो- इरफान
भाजपा पार्षद को चुनाव लड़ाने पर पीटा
बरेली। बिहारमान नगला निवासी इरफान जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराने पहुंचे। उन्होंने बताया कि वह भाजपा से जुड़े हैं। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी अरुण का चुनावी दफ्तर अपनी दुकान में खुलवाया था। जीजान से उन्हें और मेयर प्रत्याशी उमेश गौतम को चुनाव लड़ाया। इस बीच उनके समुदाय के ही कुछ लोग ही उनसे रंजिश मानने लगे। इनमें से चार लोगों ने सोमवार रात उन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान उनके कुछ रुपये भी गिर गए। इज्जतनगर थाने में उन्होंने आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है।
वर्जन
सोशल मीडिया पर हो रहे कटाक्ष के मामले में साइबर सेल निगरानी कर रही है। चुनाव के बाद आपसी बहस और मारपीट के जो मामले संज्ञान में आ रहे हैं, उनमें रिपोर्ट लिखकर तत्परता से कार्रवाई की जा रही है। – प्रभाकर चौधरी, एसएसपी



