बरेली

Bareilly News: सराफा की दुकान खोलकर जीजा-साले ने हड़पे 80 लोगों के जेवर

Connect News 24

बरेली। बहेड़ी निवासी जीजा-साले ने मठ लक्ष्मीपुर में सराफा की दुकान खोलकर गिरवी गांठ के रूप में 80 लोगों के जेवर और रुपये हड़प लिए। आरोपियों के खिलाफ इज्जतनगर थाने में एफआईआर कराई गई है। इनमें से एक आरोपी को तीन दिन पहले लोग पकड़कर थाने ले गए थे।

मठलक्ष्मीपुर निवासी कफील अहमद ने बताया कि सोमपाल के घर में बहेड़ी के गांव वसुधरन निवासी राहुल रस्तोगी ने अपने साले सोनू रस्तोगी और सुनील रस्तोगी के साथ सराफा की दुकान खोली थी। इन लोगों ने कफील और उनकी बहन समेत गांव के 80 लोगों को लालच देकर उनके जेवर गिरवी रखकर मामूली रकम दे दी। कफील के मुताबिक जब वह अपने तीन लाख रुपये और जेवर छुड़वाने पहुंचे तो सराफ टालमटोल करने लगे। कुछ और लोगों ने अपना जेवर मांगा तो आरोपी किराया दिए बिना ही दुकान खाली करके भाग गए।

पीड़ितों ने इन्हें कॉल कर अपने जेवर वापस मांगे तो आरोपी गालीगलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगे। कफील ने इज्जतनगर थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। इसमें जीजा-सालों के साथ ही राहुल की पत्नी नीतू रस्तोगी को भी आरोपी बनाया है।

ये लोग भी हुए ठगी के शिकार

कफील ने बताया कि राहुल रस्तोगी व उसके साथियों ने मठ लक्ष्मीपुर निवासी सर्वेश कुमारी, शिखा, राजकुमारी गंगवार, विमला, सरला, बेला देवी व पार्वती समेत 80 महिलाओं को ठगी का शिकार बनाया है। ये लोग बेहद कम ब्याज पर जेवर गिरवी रखकर रुपये देते थे।

वर्जन

आरोपी सराफ को भीड़ ने पकड़ा था। शुरू में लोग अपने रुपये और जेवर लेना चाहते थे पर सराफ नहीं दे सका। आरोपी को नोटिस तामील कराकर जमानत दी है। – अरुण कुमार श्रीवास्तव, इंस्पेक्टर इज्जतनगर


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button