Bareilly News: नैनीताल रोड पर 17 बीघा में बन रही तीन कॉलोनियों पर चला बुलडोजर
बरेली। बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) ने सोमवार को नैनीताल रोड और त्रिशूल एअरबेस की चहारदीवारी के पास बिना मानचित्र पास कराए विकसित की जा रही तीन कॉलोनियों को ध्वस्त करा दिया। सभी को प्राधिकरण की ओर से पहले ही नोटिस दिया गया था।
बीडीए उपाध्यक्ष जोगिंदर सिंह ने बताया कि नरेश कुमार नैनीताल रोड पर कासमपुर के पास पांच बीघा में कॉलोनी बसा रहे थे। वहां सड़क, नाली, साइट ऑफिस और दो भवनों का निर्माण हो गया था। मानचित्र के बारे में पूछे जाने पर वह कोई कागजात नहीं दिखा सके तो ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई। वहीं पास में ही शिवमंगल और रंजन तिवारी छह बीघा में कॉलोनी बसा रहे थे। चहारदीवारी बनाकर साइट ऑफिस, विद्युत पोल, नाली और अलग-अलग भूखंडों का चिह्नांकन कर दिया गया था। उसे भी ध्वस्त कर दिया गया।
त्रिशूल एअरबेस की चहारदीवारी के पास गांव ख्वाजा में हनीफ और हामिद रजा छह बीघा में साइट ऑफिस, विद्युत पोल लगाकर सड़क और नाली निर्माण कर कॉलोनी बसा रहे थे। उसे भी ध्वस्त कर दिया गया है। दोबारा निर्माण शुरू करने पर सभी को रिपोर्ट दर्ज कराने की चेतावनी दी गई है। बीडीए वीसी ने शहर के लोगों से अपील भी की है कि संपत्ति खरीदते समय विक्रेता से मानचित्र की स्वीकृति संबंधी अभिलेख मांगकर जरूर देखें। यदि समझ में नहीं आए तो बीडीए कार्यालय से संपर्क कर सत्यता जांच लें, फिर खरीदारी करें।



