Bareilly News: बिना चालक दौड़ी बस, यात्रियों ने भागकर बचाई जान
बरेली। पुराना रोडवेज बस स्टैंड पर बृहस्पतिवार सुबह बड़ा हादसा बच गया। बरेली से मुरादाबाद जाने लिए गेट नंबर दो पर खड़ी बस शॉर्ट सर्किट के कारण बिना चालक के स्टार्ट हो गई और चल पड़ी। दिल्ली जाने वाली बस को टक्कर मारने के बाद एक रेस्टोरेंट में घुस गई। बस को अनियंत्रित समझकर लोगों ने भागकर जान बचाई। दोनों बसें और रेस्टोरेंट का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि कोई यात्री बस की चपेट में नहीं आया।
पुराना रोडवेज बस अड्डे से बदायूं, मुरादाबाद, आगरा और मथुरा की ओर जाने वाली बसों का संचालन होता है। सुबह नौ बजे बरेली डिपो की बस (यूपी 25 एटी-1621) मुरादाबाद जाने के लिए निकली थी। बस पुराना बस अड्डा पहुंची। यहां चालक-परिचालक बस को खड़ाकर अपना नंबर आने का इंतजार करने लगे। इस दौरान बस स्टार्ट हो गई। गियर में होने के कारण बस दौड़ पड़ी। दूसरी बस के चालक किशन स्वरूप ने बस में चढ़कर उसे नियंत्रित किया। दोनों बसों को वर्कशॉप भेज दिया गया। दिल्ली और मुरादाबाद के लिए दूसरी बसों को रवाना किया गया। इस संबंध में एआरएम संजीव श्रीवास्तव से फोन पर संपर्क किया गया, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं की।
पूर्व में शाॅर्ट सर्किट से जल चुकी है एसी बस
रोडवेज विभाग के अधिकारी पुरानी घटनाओं से सबक नहीं ले रहे। 14 मई को बरेली से कानपुर जा रही बरेली डिपो की जनरथ श्रेणी की एसी बस में शाॅर्ट सर्किट से आग लग गई थी। बस में 30 यात्री सवार थे। इन यात्रियों की किसी तरह से जान बची थी। आग से बस जल गई थी।
वर्जन-
सभी बसों को दुरुस्त किया जा रहा है। रीजन की कुछ पुरानी बसों को वर्कशॉप में खड़ा करा दिया गया है। अब तक रीजन की 80 बसों का भौतिक निरीक्षण कर उनको पूरी तरह से ठीक कराया जा चुका है। बरेली डिपो की बस के संबंध में जानकारी की जाएगी। – धनजी राम, एसएम
पुल की रेलिंग से टकराई बदायूं डिपो की बस
बरेली। भमोरा के पास बदायूं डिपो की रोडवेज बस सरदारनगर नदी के पुल की रेलिंग से टकरा गई। गनीमत रही कि बस की स्पीड ज्यादा नहीं थी। वर्ना बस पुल से नीचे गिर सकती थी। क्षतिग्रस्त बस को वर्कशॉप भेज दिया गया है। बस में सवार यात्रियों को दूसरी बस से रवाना किया गया है।
बदायूं डिपो की रोडवेज बस बरेली से बदायूं के लिए 32 यात्री लेकर चली थी। सुबह करीब 9:30 बजे यह बस बरेली-मथुरा हाईवे पर भमोरा के पास सरदारनगर नदी के पुल से गुजर रही थी। चालक ने बस के आगे चल रही बुग्गी को ओवरटेक करने की कोशिश की तो बस अचानक पुल की रेलिंग से टकरा गई। इससे बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हादसे में बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ है। आरएम दीपक चौधरी ने बताया कि बदायूं डिपो के एआरएम को इस संबंध में लिखा गया है। संवाद



