Budaun News: बालिकाएं लक्ष्य प्राप्त करने की दिशा में निरंतर प्रयास करें

राजाराम इन्टर कॉलेज आयोजित गोष्ठी में छात्राओं को किया जागरूक।स्रोत: सूचना विभाग
बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ के तहत हुई गोष्ठी
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ के तहत महिलाओं व बालिकाओं को सशक्तीकरण, स्वावलंबन, सुरक्षा, शिक्षा आदि की दिशा में जागरूक करने के लिए राजाराम इंटर कॉलेज में गोष्ठी हुई।
जिला विधिक सेवा प्रधिकरण सचिव / अपर जिला जज सारिका गोयल ने कहा कि सभी बालिकाएं अपने ऊपर पूर्ण विश्वास रखकर अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयास करें। जिससे लक्ष्य प्राप्त होने पर माता-पिता, गुरु व समाज आप पर गर्व करे। उन्होंने कहा कि बेटियां किसी से कम नहीं होतीं। उन्हें भी समाज में अपनी भागीदारी करनी चाहिए। वह इतिहास में अपना नाम दर्ज करा सकती हैं।
बेटियां अपनी सुरक्षा खुद कर सकती हैं। आवश्यकता है कि वे अपनी सोई हुई प्रतिभा व क्षमता को पहचानें। महिला थाना इंस्पेक्टर सीमा सिंह ने 1090, 112 नंबरों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। इस मौके पर रवि कुमार, छवि वैश्य, रचना सिंह , मीना सिंह, गौरव शंखधार और प्रधानाचार्य डॉ. अनिता कुमारी, अंजुम आदि मौजूद रहीं।