Bareilly News: बस अड्डे के कैमरे खराब, चार यात्रियों के बैग ले गए चोर
बरेली। रोडवेज के पुराने बस अड्डे से शनिवार सुबह 7 से 8 बजे के बीच चार यात्रियों के बैग चोरी हो गए। पुलिस पहुंची और कैमरों की फुटेज देखनी चाही तो पता चला कि डीवीआर खराब है।
मिथिलापुरी निवासी सरोजनी ने बताया कि वह देहरादून जाने वाली बस में बैठ गई थी। कुछ देर में कोई चोर बस में चढ़ा और उनका बैग लेकर गायब हो गया। बैग में कपड़े, 25,000 रुपये व डेबिट कार्ड रखा था। अपने पिता से मिलने स्वाति दिल्ली से बरेली आई थीं। सुबह 7:30 दिल्ली जाने वाली राजधानी बस में चढ़ गईं। नजर हटते ही कोई चोर उनका बैग लेकर भाग गया। बैग में पांच हजार रुपये व कपड़े थे।
आगरा के तुषार कपूर बस का इंतजार कर रहे थे। उनका बैग भी चोरी हो गया। पैसे नहीं बचे तो पेटीएम के जरिये तीन हजार रुपये दूसरे यात्री के फोन पर मंगाए। दो महिलाएं शिकायत लेकर कोतवाली पहुंचीं, लेकिन न तो कोई पकड़ा गया, न ही कोई कार्रवाई हुई।
ऐसे कैमरों का क्या फायदा जो चालू नहीं
पीडि़त यात्रियों ने कहा कि रोडवेज के एमडी यात्रियों को सुविधाएं देने का दावा कर रह हैं, लेकिन जमीनी हकीकत अलग है। स्थानीय अफसरों पर कोई असर नहीं है। स्वाति ने कहा कि बस अड्डे के कैमरे चालू होते तो चेहरे पहचाने जा सकते थे। कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक हिमांशु निगम ने कहा कि छानबीन में पता चला कि कैमरे खराब हैं।



