बरेली

Bareilly News: प्रत्याशी आज झोंकेंगे पूरी ताकत, चुनाव प्रचार का अंतिम दिन

Connect News 24

बरेली। निकाय चुनाव को लेकर प्रत्याशियों के चुनाव प्रचार का मंगलवार को अंतिम दिन है। आयोग के निर्देशानुसार चुनावी जनसभा, नुक्कड़ सभा, रैली व जनसंपर्क आदि शाम पांच बजे थम जाएंगे। लिहाजा, प्रत्याशी इसी दिन चुनाव प्रचार में पूरी ताकत झोंकेंंगे।

जिला निर्वाचन अधिकारी की ओर से जारी दिशानिर्देश के तहत प्रचार थमने के बाद नगर निगम और निकायों में तैनात जोनल, स्टेटिक मजिस्ट्रेट व स्थानीय थाना पुलिस के माध्यम से प्रत्याशियों की गतिविधि की निगरानी की जाएगी। कहीं भी किसी प्रत्याशी, कार्यकर्ता की ओर से प्रतिबंध का उल्लंघन किया जाएगा तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

जिला निर्वाचन अधिकारी शिवाकांत द्विवेदी ने गतिविधियों की कड़ी निगरानी करने को कहा है। इधर, निर्वाचन कार्मिकों के प्रशिक्षण का सोमवार को अंतिम दिन रहा। इस दिन 120 कार्मिकों ने मताधिकार का प्रयोग किया।

नगर निगम, निकाय के लिए पड़े हैं 498 वोट

नगर निगम मेयर और पार्षद पद के लिए 333, नगर पालिका आंवला के अध्यक्ष और सदस्य के लिए 22, फरीदपुर के 21, बहेड़ी के 30, नवाबगंज के 22, नगर पंचायत अध्यक्ष, सदस्य पद के लिए नगर पंचायत रिठौरा के लिए तीन, धौराटांडा में दस, मीरगंज में 25, फतेहगंज पश्चिमी में 11, विशारतगंज में पांच, ठिरिया निजावत खां शून्य, फतेहगंज पूर्वी में एक, देवरनियां में तीन, रिछा में दो, फरीदपुर में एक, शेरगढ़ में एक, शीशगढ़ में शून्य, सिरौली में दो, शाही में दो, सेंथल में चार कार्मिकों ने मताधिकार का प्रयोग किया। इस दौरान एडीएम एफआर संतोष बहादुर सिंह, एसीएम प्रथम नहने राम, जिला विकास अधिकारी अरुण कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।

प्रत्याशी नहीं दे रहे हैं खर्च का ब्योरा

प्रत्याशियों द्वारा चुनाव में किए जा रहे खर्च का ब्योरा अब तक निरीक्षण के लिए उपलब्ध नहीं कराया है। व्यय लेखा टीम के प्रभारी अधिकारी पारस नाथ गुप्ता ने रिटर्निंग ऑफिसर, सहायक रिटर्निंग ऑफिसर को पत्र जारी कर उनके क्षेत्र के प्रत्याशियों द्वारा आय-व्यय संबंधी लेखा निरीक्षण के लिए उपलब्ध कराने को कहा गया है। बताया है कि तीन मई, छह मई को निरीक्षण का दिन तय था, पर प्रत्याशियों ने निरीक्षण के लिए व्यय लेखा उपलब्ध नहीं कराया था।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button