Bareilly News: महिला दरोगा और दो सिपाहियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल
बरेली। आरपीएफ की महिला दरोगा और दो सिपाहियों के खिलाफ सीओ जीआरपी देवी दयाल ने कोर्ट में चार्जशीट दाखिल कर दी है। तीनों पर यात्री से दुर्व्यवहार करने और पीटने के आरोप साबित हुए हैं। हालांकि, रिश्वत मांगने के आरोप सही नहीं पाए गए।
सुभाषनगर की राजीव कॉलोनी निवासी संजीव गुप्ता की शिकायत पर कोर्ट ने जीआरपी को आरपीएफ की महिला दरोगा चांदनी, सिपाही कुलदीप और जसविंदर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने का आदेश दिया था। संजीव ने आरोप लगाया था कि उनका दोस्त 30 सितंबर 2022 की रात लखनऊ से बरेली आया था। तड़के तीन बजे आरपीएफ ने उसे हिरासत में ले लिया। जानकारी होने पर वह आरपीएफ थाने पहुंचे। यहां उसे छोड़ने के लिए दो हजार रुपये की मांग की गई। महिला दरोगा और दोनों सिपाहियों ने उससे दुर्व्यवहार किया। थाने में बंद करके पीटा और अवैध रूप से हिरासत में रखा।
सीओ जीआरपी ने बताया कि महिला दरोगा और दोनों सिपाहियों पर रिश्वत मांगने के आरोप पुष्ट नहीं हुए हैं। हालांकि, यात्री से दुर्व्यवहार और पिटाई जैसे आरोप सही पाए गए हैं। तीनों के खिलाफ कोर्ट में चार्जशीट दाखिल कर दी गई है।



