Pilibhit News: धूमधाम से मनाई गई काल भैरव अष्टमी
पीलीभीत। जिले के मंदिरों में काल भैरव अष्टमी का आयोजन धूमधाम के साथ किया गया। इस दौरान मंदिरों में काल भैरव का भव्य शृंगारकर पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद प्रसाद का वितरण किया गया।
सुबह से लेकर देर शाम तक मंदिरों में काल भैरव का दर्शन पूजन करने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। गौहनिया चौराहा स्थित संकटमोचन पंचमुखी हनुमान मंदिर पर मंगलवार को काल भैरव अष्टमी के उपलक्ष्य में काल भैरव बाबा की विशेष पूजा-अर्चना की गई।
मंदिर के पुजारी ने काल भैरव बाबा का भव्य रूप से शृंगार किया गया एवं मंदिर के मुख्य ट्रस्टी शिरीष सक्सेना ने आरती की। इसके पश्चात भक्तों को प्रसाद वितरण किया गया।
वहीं श्री लक्ष्मी नारायण देवी प्रसाद धाम चौक बाजार में भी काल भैरव अष्टमी धूमधाम से मनाई गई। मंदिर में काल भैरव बाबा का भव्य शृंगार किया गया एवं 56 भोग लगाकर पूजा अर्चना की गई। पंडित अवधेश वाजपेई ने हवन किया, सरवराकार रविंद्र मोहन भटनागर ने व्यवस्था की। इस दौरान बड़ी संख्या में भक्त उपस्थित रहे। संवाद