Bareilly News: नलकूप कनेक्शन के नाम पर किसानों से ठगी
फतेहगंज पूर्वी। नलकूप कनेक्शन देने के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है। किसानों का आरोप है कि क्षेत्र के एक संविदा लाइनमैन ने रुपये लेने के बाद खेतों तक लाइन बिछवाने के बाद चार नलकूप को बिजली आपूर्ति दी थी। मांगने के बाद भी कनेक्शन की रसीद नहीं दी गई। अब बिजली निगम के अधिकारी फिर से कनेक्शन कराने की बात कह रहे हैं।
शिवपुरी निवासी पुष्पेंद्र, राधेश्याम और सरिता ने बताया कि उन्होंने अपने खेत में नलकूप लगवाया था। कनेक्शन के लिए जब वह बिजली निगम के ऑफिस पहुंचे तो वहां बैठे अधिकारी ने संविदा लाइनमैन से संपर्क करने के लिए कहा। तीनों से 4.86 लाख रुपये लेने के बाद संविदाकर्मी ने खेतों तक लाइन बिछवाई। ट्रांसफार्मर भी रखवाया गया। इसके बाद आपूर्ति जोड़ दी। मांगने के बाद भी रसीद नहीं दी।
कुछ दिन पहले एक ट्रांसफार्मर फुंक गया। इसे बदलवाने के लिए जब बिजली निगम के अधिकारियों से संपर्क किया तो उन्होंने कनेक्शन न होने की बात कही। आरोप है कि जिस अधिकारी के कहने पर उन्होंने लाइनमैन को रुपये दिए अब वह भी मुकर रहे हैं। आरोपी लाइनमैन की भी कुछ समय पहले संविदा समाप्त कर दी गई है। परेशान किसानों का कहना है कि उनके पास अब फिर से देने के लिए रुपये नहीं है। अधिकारी मदद करने की बजाय कार्रवाई करने की धमकी दे रहे हैं। उन्होंने कनेक्शन देने की मांग की है। एसडीओ फरीदपुर सतीश जायसवाल ने बताया कि किसान जिस व्यक्ति को रुपये देने की बात कह रहे हैं वह उस क्षेत्र का तत्कालीन लाइनमैन था। उच्च अधिकारियों को अवगत कराकर किसानों की हरसंभव मदद कराई जाएगी।
मामला संज्ञान में नहीं है। शिकायत मिलने पर जांच कराई जाएगी। जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। – अशोक चौरसिया, अधीक्षण अभियंता ग्रामीण



