Bareilly News: स्वास्थ्य मेला में हुई मरीजों की जांच
बहेड़ी/ फरीदपुर। स्वास्थ्य केंद्रों पर रविवार को आयुष्मान भव अभियान के तहत स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने जांच करने के बाद मरीजों को परामर्श दिया।
रिछा सीएचसी पर भाजपा के मंडल अध्यक्ष और ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि भानू गंगवार ने मेले का उद्घाटन किया। राममूर्ति मेडिकल कॉलेज से आईं डॉ. प्रियंका खन्ना, बाल रोग विशेषज्ञ, डॉ.पारुल गर्ग, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. गीतांशू सिंगला, फिजिशियन डॉ. रितिका बंसल, डॉ. पार्थ अग्रवाल आदि ने 41 मरीजों की जांच की। ब्लॉक क्षेत्र के नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कुंडरा, मुंडिया जागीर में स्वास्थ्य मेले का आयोजन हुआ।
फरीदपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में विधायक डॉ. श्याम बिहारी लाल ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड वितरित किए। रोहिलखंड मेडिकल कॉलेज के चिकित्सकों ने यहां आए मरीजों की जांच कर दवाइयां दी। केंद्र पर पहुंचे 183 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार किया गया। एसीएमओ डॉ. भानु प्रकाश, सीएचसी अधीक्षक डॉ. अनुराग गौतम, ओमवीर गुर्जर, राजू उपाध्याय, अतीस अग्रवाल, जितेंद्र कुमार, अनुराग शर्मा, डॉ. पूनम अग्रवाल, रुचि जयसवाल, रितिक कुमार आदि मौजूद रहे।
शाही में भाजपा जिलाध्यक्ष पवन शर्मा ने मेले का उद्घाटन किया। बिशारतगंज क्षेत्र में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मझगवां के साथ नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कंधरपुर, गैनी, बड़ागांव, बरा सिरसा में भी मेले का आयोजन हुआ। निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण कर रोगियों को दवा वितरण की गई। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. वैभव राठौर ने बताया कि करीब 300 मरीजों का परीक्षण किया गया। बहेड़ी में लगे शिविर में आयुष्मान कार्ड भी बनाए गए।
अवैध अस्पतालों पर कार्रवाई न होने पर जताई नाराजगी
फरीदपुर क्षेत्र में संचालित अवैध अस्पतालों पर कार्रवाई न होने को लेकर विधायक ने एसीएमओ डॉ. भानु प्रकाश से नाराजगी जताई। उन्होंने पूछा कि आखिर किसकी शह पर यह अस्पताल संचालित हो रहे हैं। विधायक ने उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक को भी कॉल की। उन्होंने इन अस्पतालों के खिलाफ कार्रवाई कराने के लिए कहा।



