Bareilly News: खानकाह नियाजिया से रुहानी माहौल में निकला छठवीं का जुलूस
बरेली। मुहर्रम धीरे-धीरे अपने शबाब पर पहुंचता जा रहा है। अजादारी का सिलसिला तेज हो चला है। मंगलवार को खानकाह नियाजिया से मुहर्रम पर छठवीं का कदीमी जुलूस निकाला गया। ढोल, नगाड़ों और ताशों की मातमी धुन पर दो दर्जन तख्त-ओ-ताजिये निकले। इसमें शामिल एक दर्जन से अधिक छोटे-बड़े अलम लहराते हुए अजादारों में जोश भर रहे थे।
जुलूस से पहले मलूकपुर स्थित इमामबाड़ा फतेह निशान से पोशाक लाई गई। खानकाह नियाजिया के सज्जादानशीन अल्हाज शाह मेहंदी मियां ने खानकाह के प्रबंधक शब्बू मियां नियाजी के साथ जुनेद मियां नियाजी, जाहिद मियां मियां नियाजी, डॉ. कमाल मियां नियाजी, कासिम मियां नियाजी सहित तमाम खानवादों की दस्तारबांदी की और पटका पहनाया। इसके बाद तख्त-ओ-तजियों को नजराना दे कर रवाना किया।
यहां से यह जुलूस प्रबंधक शब्बू मियां नियाजी की कयादत में या हुसैन… की सदाओं के साथ रवाना हुआ। ख्वाजा कुतुब से गली वजीर अली, कटरा चांद खां, कोहाड़ापीर होते हुए देर रात जुलूस बानखाना पहुंचा। जुलूस रात में वहां पर विश्राम करेगा। शब्बू मियां के सचिव मौलाना कासिम नियाजी ने बताया कि जुलूस बुधवार को दिन में वापस खानकाह के लिए रवाना होगा। वापसी के रूट पर निर्माण कार्य के चलते इस बार बदले हुए मार्ग से वापसी होगी।
फकीरी लिबास जुलूस में भर रहे थे रुहानियत
जुलूस में सज्जादा व प्रबंधक सहित तमाम खानवादे और सैकड़ों की तादाद में मुरीद व अजादार हरे फकीरी लिबास में शामिल थे, जो जुलूस में रुहानियत पैदा कर रहे थे। मुहर्रम पर हरे रंग का यह लिबास खानकाह की पुरानी रिवायत रही है। सभी नंगे पैर भी रहते हैं। ऐसा हजरत इमाम हुैसन की अकीदत में करते हैं।
इमाम हुसैन के हजारों दीवानों ने लूटा लंगर
बरेली। खानकाह नियाजिया से निकाले गए जुलूस से पहले लंगर का आयोजन किया गया, जिसे इमाम हुसैन के हजारों दीवाने लूटते नजर आए। लंगर का आयोजन खानकाह सहित तमाम मुरीदों की ओर से किया गया। इसमें खाने पीने के साथ-साथ तमाम अन्य वस्तुएं भी लोगों ने बांटी।



