गांवों को गोद ले रहीं आईएमए की शाखाएं : डॉ. शरद
बरेली। आईएमए के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. शरद अग्रवाल मंगलवार को शहर पहुंचे। आईएमए भवन में पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने एचबीआई के बारे में जानकारी दी। बताया कि इसकी वजह से समाज के गरीब तबके को भी उनके नजदीक में ही इलाज मिल रहा है। उन्होंने डॉक्टरों पर हमलों के मामले पर चिंता जताई। डॉ. शरद ने कहा कि हाॅस्पिटल बोर्ड ऑफ इंडिया (एचबीआई) आईएमए का महत्वपूर्ण अंग है। इसके अंतर्गत देशभर के अस्पताल संचालकों को सदस्यता दी जाती है।
वर्तमान में चार लाख प्रैक्टिसनर और 30 हजार से अधिक अस्पताल इससे जुड़े हैं। प्रोजेक्ट का उद्देश्य समाज के हर वर्ग को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है। 2004 में डॉ. केतन देसाई ने इसे शुरू किया था। इस प्रोजेक्ट के तहत आईएमए की हर जिले की शाखा को एक गांव गोद लेकर वहां पर चिकित्सा सुविधाएं मुहैया करानी होती हैं। इसमें कैंसर के बारे में भी लोगों को जागरूक किया जाता है।
डॉ. अग्रवाल ने बताया कि आईएमए चिकित्सकों के साथ खड़ा है। जब भी आवश्यकता होगी, हर संभव मदद की जाएगी। इस मौके पर आईएमए बरेली चैप्टर के अध्यक्ष डॉ. विनोद पागरानी, सचिव डॉ. गौरव गर्ग, प्रोग्राम चेयरमैन डॉ. रवीश अग्रवाल, डॉ. रवि मेहरा, डॉ. राजीव गाेयल, डॉ. अनूप आर्य, डॉ. विमल भारद्वाज, डॉ. सचिन अग्रवाल, डॉ. विवेक मिश्रा, डॉ. मुक्ता पागरानी, डॉ. प्रमेन्द्र माहेश्वरी आदि मौजूद रहे।



