Bareilly News: ई-रिक्शा की टक्कर से बच्चे की मौत
संवाद न्यूज एजेंसी, बरेली
Updated Tue, 26 Sep 2023 01:56 AM IST
फरीदपुर। बीसलपुर रोड पर ई-रिक्शा की टक्कर से कक्षा दो के छात्र की मौत हो गई। हादसे के बाद ई-रिक्शा का चालक फरार हो गया। परिजनों ने पुलिस को तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की है।
बीसलपुर रोड पर बड़े इमामबाड़े वाली गली में रहने वाले रईस का बेटा अरहान (8) कक्षा दो का छात्र था। सोमवार को दोपहर करीब 11:30 बजे स्कूल से छुट्टी के बाद वह पैदल घर जा रहा था। सड़क पार करते समय ई-रिक्शा ने अरहान को चपेट में ले लिया। हादसे के बाद ई-रिक्शा का चालक मय वाहन फरार हो गया।
राहगीरों ने हादसे की सूचना परिजनों को दी। तुरंत ही वह लोग उसे लेकर कस्बे के एक निजी अस्पताल पहुंचे। हालत गंभीर बताकर डॉक्टरों ने उसे भर्ती करने से मना कर दिया। वहां से परिजन सीएचसी पहुंचे। जांच के बाद डॉक्टर ने अरहान को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पुलिस भी अस्पताल पहुंच गई। परिजनों ने बताया कि ई-रिक्शा का चालक पड़ोस में ही रहता है। जब वह शिकायत करने उसके घर गए तो आरोपी झगड़ा करने पर उतारू हो गया।


