Rampur News: गरीबों के लिए वरदान बनी आयुष्मान भारत योजना
रामपुर। आयुष्मान भारत योजना गरीबों के लिए वरदान साबित हो रही है। वर्ष 2018 में शुुरू हुई इस योजना से अब तक जिले भर में 34151 मरीज लाभान्वित हो चुके हैं। इन्होंने योजना के अंतर्गत जिले या जिले से बाहर सूचीबद्ध अस्पतालों में निशुल्क इलाज कराकर स्वास्थ्य लाभ पाया है। इनके इलाज पर सरकार 55.72 करोड़ रुपये खर्च कर चुकी है।
आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत लाभार्थी परिवार को सालाना पांच लाख रुपये तक का निशुल्क इलाज प्रदान किया जाता है। जिले में इस योजना में तकरीबन 11.25 लाख लाभार्थी हैं। आयुष्मान भव अभियान में लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड बांटे जा रहे हैं। 60 फीसदी से अधिक लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड जारी हो चुके हैं। योजना के जिला समन्वयक डॉ. नरेंद्र चौधरी ने बताया कि सभी पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाए जा रहे हैं। जिले में इस योजना के अंतर्गत सभी सरकारी अस्पतालों के साथ 17 निजी अस्पतालों को सूची बद्ध किया गया है, जहां लाभार्थी इलाज करा सकते हैं।


