बरेली

Bareilly News: समयसीमा में ई-रिक्शा की कोडिंग मुश्किल, स्टैंड भी तैयार नहीं

Connect News 24

बरेली। शहर में कलर कोडिंग के अनुसार तय रूटों पर ई-रिक्शा के संचालन में देरी हो सकती है। कांवड़ यात्रा और मुहर्रम के बीच ई-रिक्शा की कलर कोडिंग का काम अब तक नहीं हो सका है। तय रूटों पर अस्थायी स्टैंड भी नहीं बन सके हैं।

शहर में बेतरतीब तरीके से ई-रिक्शा संचालित हो रहे हैं। इससे प्रमुख स्थानों पर जाम लगता है। हादसे भी होते रहते हैं। कई ई-रिक्शा चालकों के पास ड्राइविंग लाइसेंस भी नहीं हैं। ई-रिक्शा की वजह से लगने वाले जाम से बचने के लिए 18 जुलाई को मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल की अध्यक्षता में पुलिस, परिवहन विभाग के अधिकारियों और ई-रिक्शा यूनियन के पदाधिकारियों की बैठक में छह रूट तय किए गए थे। सड़क सुरक्षा पखवाड़ा के दौरान 31 जुलाई तक इन रूटों पर अस्थायी स्टैंड बनाकर ई-रिक्शा की कलर कोडिंग की जानी थी। कुछ स्थानों पर ट्रैफिक पुलिस की ओर से अस्थायी स्टैंड बनाए गए हैं, लेकिन अब तक कलर कोडिंग का काम शुरू नहीं हो सका है।

सेटेलाइट, श्यामगंज, पुराना बस अड्डा, पटेल चौक, चौकी चौराहा, जंक्शन, इज्जतनगर, सिटी स्टेशन, बरेली कॉलेज आदि स्थानों पर ई-रिक्शा जाम का कारण बन रहे हैं।

कलर कोडिंग के लिए एसपी ट्रैफिक ने आरटीओ को लिखा

ई-रिक्शा पर आगे और पीछे कलर कोडिंग कराने के लिए एसपी ट्रैफिक राममोहन सिंह ने परिवहन विभाग को पत्र लिखा है। पंजीकृत 3,302 ई-रिक्शा पर आगे और पीछे संबंधित रंग की पट्टिका लगाने की जिम्मेदारी परिवहन विभाग को दी गई है। परिवहन विभाग को 28 जुलाई से पटि्टकाएं लगाने का काम शुरू करना था, लेकिन अब तक काम शुरू नहीं हो सका है।

इस तरह प्रस्तावित है ई-रिक्शा का संचालन

लाल : जंक्शन से सुभाषनगर, चौपला चौराहा, खलील तिराहा, नावल्टी चौराहा, पुराना बस अड्डा, सिकलापुर, बरेली कॉलेज, पटेल चौक से चौपला चौराहा।

पीला : सेटेलाइट बस अड्डा से श्यामगंज, कालीबाड़ी, बरेली कॉलेज, पटेल चौक, नावल्टी चौराहा, पुराना बस स्टैंड, सिकलापुर होते हुए सेटेलाइट बस अड्डा।

नीला : जंक्शन से कैंट एरिया, कांधरपुर, बियावानी कोठी होते हुए सेटेलाइट बस अड्डा।

हरा : कोहाड़ापीर पेट्रोल पंप तिराहा से कुदेशिया फाटक होते हुए इज्जतनगर स्टेशन तिराहा।

गुलाबी : इज्जतनगर स्टेशन तिराहा से किला रेलवे क्रॉसिंग वाया हार्टमैन फ्लाईओवर होते हुए किला रेलवे क्रॉसिंग।

केसरी : डेलापीर से संजयनगर, मॉडल टाउन, ईंट पजाया, श्यामगंज पुल, साईं मंदिर, बरेली कॉलेज पूर्वी गेट होते हुए गांधी उद्यान।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button