Bareilly News: बरेली में शुरू हुआ देश का पहला अन्नपूर्णा स्टोर, बांटा गया खाद्यान्न
बरेली। भरतौल गांव में मंगलवार दोपहर देश के पहले अन्नपूर्णा स्टोर का संचालन शुरू हो गया। हालांकि, सिर्फ तीन लोगों को ही राशन मिल सका। इसके बाद सर्वर डाउन हो गया। अब स्टोर के औपचारिक शुभारंभ के लिए स्थानीय अधिकारी मुख्यमंत्री कार्यालय के संपर्क में हैं। मुख्यमंत्री या फिर मुख्य सचिव के हाथों शुभारंभ कराए जाने की तैयारी है।
मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल की पहल पर सबसे पहले मंडल के पीलीभीत, बदायूं, शाहजहांपुर, बरेली जिलों में 52 अन्नपूर्णा स्टोर के भवन बनाए गए। मंडलायुक्त और बरेली विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष जोगिंदर सिंह ने लखनऊ में मुख्यमंत्री के समक्ष अन्नपूर्णा मॉडल की प्रस्तुति दी तो सीएम ने इस मॉडल को पूरे प्रदेश में लागू करने के निर्देश दिए।
इसके बाद सूबे के खाद्य आयुक्त सौरभ बाबू व सीडीओ जगप्रवेश ने दिल्ली में भारत सरकार के समक्ष पूरे माॅडल का पाॅवर प्वाइंट प्रजेंटेशन दिया। पूरे देश के लिए यह माॅडल अपनाए जाने पर सहमति बनी। डीएसओ नीरज सिंह ने बताया कि भरतौल में सर्वर डाउन होने से पहले दिन सिर्फ तीन लोगों को राशन मिल सका। दुकान में जनरल स्टोर और परचून का सामान मंगलवार को पहुंचाया गया है। इसकी बिक्री औपचारिक शुभारंभ के बाद होगी। उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत अल्हैया में भी अन्नपूर्णा स्टोर बनकर तैयार है।
क्या है अन्नपूर्णा माॅडल
अन्नपूर्णा स्टोर में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के खाद्यान्न का वितरण 11 से 22 तारीख तक सुबह 6 से शाम 6 बजे तक होगा। कोटेदार इसमें परचून और जनरल स्टोर का सामान भी बेचेेंगे। इसके लिए वे अपने हिसाब से समय तय कर सकते हैं। इन्हीं स्टोर्स में जनसुविधा केंद्रों का संचालन होगा, जहां बिजली बिल जमा हो सकेंगे। आय, जाति, निवास प्रमाण पत्र के लिए आवेदन हो सकेंगे।


