Bareilly News: जोगी नवादा और चक महमूद में कर्फ्यू जैसा माहौल, आज शाम तक तैनात रहेगी पैरामिलिट्री

जोगी नवादा में कड़ी सुरक्षा
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बरेली में दो रविवार लगातार बवाल के बाद तीसरे रविवार को जोगी नवादा में कर्फ्यू जैसे माहौल के बीच शांति कायम रही। इलाके को छावनी बनाकर करीब एक हजार सुरक्षाबल यहां डेढ़ किमी दायरे में तैनात किए गए हैं। हालांकि कांवड़ यात्रा जाने को लेकर कोई दावा नहीं था लेकिन गलियों तक पहरा लगाकर गुंजाइश खत्म कर दी गई। दोनों पक्षों के खुराफातियों पर पुलिस की नजर है। इलाके में सोमवार
शाम तक फोर्स तैनात रहेगी।
चक महमूद से जोगी नवादा तक पुलिस, आरएएफ और पीएसी 44 प्वाइंट बनाकर लगाई गई है। रविवार को खुराफात की आशंका में पुलिस-प्रशासन बेहद अलर्ट रहा। यहां अघोषित कर्फ्यू जैसा माहौल रहा।
रास्ते में लगाए गए बैरियर
वनखंडीनाथ मंदिर की ओर से जोगी नवादा होकर चक महमूद जाने वाले रास्ते के मुख्य प्रवेश पर ही बोल्डर और बैरियर लगाए गए थे। यहां पर पुलिस आने जाने वालों की विवरण नोट कर रही थी। वैसे बाहरी लोग इधर आए ही नहीं। जो आए उन्हें आधार कार्ड या दूसरे पहचान पत्र दिखाने पड़े। सोमवार शाम तक यहां बाहरी लोग चार पहिया वाहन और बाइक से नहीं आ सकेंगे।



