Budaun News: जनरेटर के तार से करंट लग जाने से कांवड़िये की मौत
परिजनों का सुमित के शव का पोस्टमार्टम कराने से इन्कार
संवाद न्यूज एजेंसी
उझानी/कछला (बदायूं)। डीज साउंड सिस्टम चलाने के लिए ट्रॉली पर रखे जनरेटर के तार से करंट लग जाने के कारण कांवड़िये सुमित की मौत हो गई।
मृतक सुमित (17) सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के गांव फिरोजपुर इकलहरी निवासी भूरे सिंह का पुत्र था। वह अपने गांव के कांवड़ियों की टोली के साथ रविवार पूर्वाह्न घर से निकला। इकलहरी के कांवड़ियों की टोली के साथ ट्रैक्टर-ट्रॉली पर डीजे सिस्टम और उसे चलाने के लिए जनरेटर भी रखा था। कछला चौराहे के पास बारिश शुरू हो जाने पर दो-तीन कांवड़िये डीजे पर पन्नी डालने लगे। उसी दौरान सुमित का पैर जनरेटर के पास खुले तार पर पड़ गया। करंट लगने से सुमित ट्रॉली से गिर गया।
साथी कांवड़िये बेहोशी की हालत में सुमित को लेकर राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचे। इलाज शुरू होने के कुछ देर बाद ही सुमित की मौत हो गई। जानकारी पाकर मृतक के परिजन मेडिकल कॉलेज पहंचे। पुलिस को भी बुला लिया गया। प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार सिंह ने बताया कि पिता समेत परिजनों ने सुमित के शव का पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया।