बरेली

Bareilly News: जन्माष्टमी मेले के मंच पर डांसर लगा रही थीं ठुमके, दरोगा खो बैठे आपा

Connect News 24

भोजीपुरा (बरेली)। मेमौर गांव में बृहस्पतिवार रात जन्माष्टमी महोत्सव के मेले में डांस पार्टी बुलाकर बार बालाओं से ठुमके लगवाए जा रहे थे। दरोगा संजय सिंह ने बिना अनुमति डांस कराने पर आयोजकों को न केवल लताड़ लगाई, बल्कि आवेश में आकर गालीगलौज भी कर बैठे। वीडियो वायरल होने पर एसएसपी ने सीओ को जांच सौंप दी है।

मेमौर में सात साल से जन्माष्टमी के मेले का आयोजन ग्रामीण मिलकर करते हैं। मेले में कलाकार कृष्ण लीला का मंचन भी करते हैं। बृहस्पतिवार रात उसी मंच पर बार बाला डांस कर रही थी। किसी ने मोबाइल पर हल्का प्रभारी एसआई संजय सिंह को सूचना दी तो वह पुलिस टीम के साथ पहुंचे। उन्होंने डांस पार्टी बंद करा दी। माइक हाथ में लेकर मेला आयोजकों से डांस पार्टी की अनुमति दिखाने को कहा। आयोजक अनुमति नहीं दिखा पाए तो दरोगा ने उन्हें माइक पर ही गालियां दीं और हिदायत देकर चले आए कि डांस पार्टी शुरू की गई तो कार्रवाई की जाएगी। किसी ने दरोगा की गाली देते हुए वीडियो बना ली और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। उधर, अश्लील डांस की वीडियो भी वायरल हो रही है।

00

दरोगा पर माइक तोड़ने का भी आरोप

– मेला आयोजक मोहन स्वरूप ने बताया कि मंचन के ही कलाकार नृत्य करने लगे थे जिसकी किसी ने वीडियो बना ली। आरोप लगाया कि दरोगा नशे की हालत में थे। उन्होंने न केवल गालियां दीं, बल्कि माइक भी छीनकर तोड़ दिया। उन्होंने इसकी शिकायत अधिकारियों से की है।

00

वर्जन

– मेले में मंच पर अश्लील डांस की शिकायत पर एसआई संजय सिंह मौके पर गए थे। वहां बिना अनुमति चल रही डांस पार्टी को बंद कराया था। कुछ लोग दरोगा पर भी अभद्र भाषा के इस्तेमाल का आरोप लगा रहे हैं। सीओ मीरगंज को जांच सौंपी गई है। डांस पार्टी के वीडियो की भी जांच हो रही है। – राजकुमार अग्रवाल, एसपी देहात


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button