Bareilly News: नदी और तालाब में डूबे तीनों युवकों के शव मिले
आवंला/रामनगर। अलग-अलग घटनाओं में नदी और तालाब में डूबे तीन युवकों के शव मिल गए हैं। आपदा मित्र, गोताखोर और पीएसी की टीम ने काफी मशक्कत के बाद शव निकाले। पोस्टमार्टम कराने के बाद शवों का अंतिम संस्कार कर दिया गया है।
रामनगर ब्लॉक के गांव महमूदपुर निवासी गुड्डू शुक्रवार को बैंक से पैसे निकालने के लिए बाइक से रामनगर जा रहे थे। रास्ते में अरिल नदी के तेज बहाव में बह गए थे। एसडीआरएफ (स्टेट डिजास्टर रेस्पॉन्स फोर्स) की टीम ने उन्हें काफी समय तक तलाश किया, लेकिन शाम तक कोई सफलता नहीं मिली तो टीम लौट गई। शनिवार को आपदा मित्र सुमित शर्मा, कुलदीप शर्मा, रिंकू शर्मा, मनीराम, पन्नालाल, गोविंद आदि ने नदी में युवक की तलाश की और एक घंटे की मशक्कत के बाद गुड्डू के शव को निकाल लिया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
वहीं, मऊचंदपुर में अरिल नदी के पुल से कूदे युवक को भी पीएसी के जवानों ने तीसरे दिन खोज लिया। बारीखेडा गांव का युवक गोपीचंद बृहस्पतिवार को पुल से नदी में कूद गया था। सूचना पर एसडीआरएफ और पीएसी ने दो दिन तक तलाश किया। तीसरे दिन शनिवार को पीएसी की टीम को युवक का शव पुल से करीब 200 मीटर दूर मिल गया। संवाद
इधर, करुआताल गांव में शुक्रवार दोपहर खेत में धान की पौध लगाते समय किसान सुरेंद्र (22) पानी के तेज बहाव में बहकर तालाब में चला गया। काफी खोजबीन के बाद जब वह नहीं मिला तो एसडीएम गोविंद मौर्य राजस्व विभाग टीम के साथ पहुंचे। शुक्रवार देर शाम चौबारी गांव से बुलवाए गोताखोरों ने देर रात में उसका शव तालाब से निकाल लिया गया। पोस्टमार्टम के बाद शनिवार दोपहर बाद शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। पूर्व प्रधान सुखराम लोधी के मुताबिक सुरेंद्र पांच भाइयों में चौथे नंबर के थे। वह अपने पीछे माता-पिता, पत्नी और डेढ़ साल का बेटा छोड़ गए हैं।



