बरेली

Bareilly News: बच्ची से दुष्कर्म के आरोपी का फंदे से लटका मिला शव

Connect News 24

फरीदपुर। पांच वर्ष की मासूम से दुष्कर्म के आरोपी शेर मोहम्मद (65) का शव शुक्रवार को पेड़ पर फंदे से लटका मिला। बृहस्पतिवार को दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद आरोपी लापता हो गया था। परिजनों ने हत्या करने के बाद शव लटकाने का आरोप लगाया है। उन्होंने पीड़िता के परिजनों पर ही शक जाहिर किया है। पुलिस को तहरीर भी दी गई है।

कस्बे के एक मोहल्ले की रहने वाली पांच साल की बच्ची बृहस्पतिवार दोपहर घर के बाहर गली में खेल रही थी। आरोप है कि शेर मोहम्मद ने टॉफी दिलाने का लालच देकर घर ले जाने के बाद वहां उसके साथ दुष्कर्म किया। खून से लथपथ बच्ची को लेकर मां ने थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी। आरोप है कि पुलिस ने धाराओं में खेल करते हुए छेड़खानी की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की थी।

रिपोर्ट दर्ज होने के बाद से आरोपी फरार था। बृहस्पतिवार को शाम के समय पुलिस ने घर पर दबिश दी मगर वह नहीं मिला। शुक्रवार सुबह लोग मजार की तरफ घूमने गए तो उन्हें शेर मोहम्मद का शव पेड़ पर फंदे से लटका मिला। तुरंत ही उन्होंने परिजनों को बताया। मौके पर पहुंचे परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

थाने पहुंचे परिजनों का कहना था कि शेर मोहम्मद की हत्या की गई है। आत्महत्या दिखाने के लिए शव को उन्हीं के गमछे से फंदा बनाकर पेड़ से लटका दिया गया। मामले में इंस्पेक्टर दयाशंकर ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में लटकने से मौत होने की बात सामने आने से मामला आत्महत्या का ही लग रहा है। फिलहाल जांच की जा रही है, जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कार्रवाई होगी।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button