Bareilly News: फंदे से लटका मिला छात्रा का शव
संवाद न्यूज एजेंसी, बरेली
Updated Mon, 07 Aug 2023 02:12 AM IST
आंवला। बिलौरी गांव में रविवार शाम छात्रा रूपाली (16) का शव फंदे से लटका मिला। परिजनों का कहना है कि एक अज्ञात व्यक्ति मोबाइल फोन पर मेसेज भेजकर बेटी को परेशान कर रहा था। इसी वजह से उसने आत्महत्या कर ली।
परिजनों ने बताया कि बिजली न आने की वजह से वह लोग मकान के बाहर बैठे हुए थे। बेटी रूपाली घर में अकेली थी। कुछ देर बाद जब वह अंदर पहुंचे तो रूपाली का शव फंदे से लटकता मिला। तुरंत उसे निजी अस्पताल ले जाया गया। जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
रूपाली गांव के पास स्थित एक कॉन्वेंट स्कूल में दसवीं की छात्रा थी। बीते दिनों उसका रिजल्ट आया था। इसमें वह फेल हो गई थी। ग्रामीणों ने बताया कि फेल होने के बाद मिल रहे तानों की वजह से रूपाली तनाव में थी। दो दिन पहले वह मां के साथ कॉलेज गई थी। कॉलेज वालों ने प्रवेश से इन्कार कर दिया। इसके बाद से वह और परेशान हो गई। वहीं, परिजनों ने एक व्यक्ति पर परेशान करने का आरोप लगाया है। तीन-भाई बहनों में रूपाली दूसरे नंबर की थी। पिता संजय सिंह का मुर्गी फार्म है। कोतवाल सतीश कुमार ने बताया कि परिजनों की तहरीर मिली है। जांच की जा रही है।



