बरेली

Bareilly News: किच्छा नदी में डूबे किशोर का शव मिला

Connect News 24

संवाद न्यूज एजेंसी, बरेली

Updated Tue, 15 Aug 2023 02:21 AM IST

बहेड़ी। गुरसौली गांव के पास किच्छा नदी में डूबे किशोर अनस (14) का शव सोमवार देर शाम करीब चार किलोमीटर दूर खिजरपुर गांव के पास मिला। रविवार को नहाते समय वह नदी में डूब गया था।

परिजनों ने बताया कि अनस अपने भाई आरिस और दोस्तों के साथ चारा लेने के लिए खेत पर गया था। पास में ही वह रही किच्छा नदी में किशोर नहाने के लिए उतर गए। पानी की धार तेज होने की वजह से आरिस नदी में डूबने लगा। भाई को डूबता देख अनस भी नदी में कूद गया। भाई को तो उसने बचा लिया मगर खुद गहरे पानी में चला गया।

सूचना पर बड़ी संख्या में ग्रामीण इकठ्ठा हो गए। गोताखोर भी पहुंच गए। काफी देर तक तलाश के बाद भी उसका कुछ पता नहीं चला। अंधेरा होने की वजह से तलाशी अभियान बंद कर दिया गया। सोमवार को सुबह से ही किशोर की तलाश की गई। घंटो तलाश के बाद भी उसका कुछ पता नहीं चला।

देर शाम करीब सात बजे खिजरपुर गांव के किसान अपने खेतों से लौट रहे थे। नदी में हाथ-पैर धोने के दौरान उन्हें एक किशोर का शव उतराता दिखा। तुरंत ही किसानों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव नदी से बाहर निकलवाया। सूचना पर अनस के परिजन भी पहुंच गए। उन्होंने शिनाख्त की। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। इंस्पेक्टर श्रवण कुमार सिंह ने बताया कि जिस जगह पर अनस डूबा वहां बड़ी संख्या में बबूल के पेड़ हैं। इस वजह से तलाशी अभियान में परेशानी आई।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button