Bareilly News: ओवरब्रिज का निर्माण जल्द शुरू कराने की मांग
बरेली। फरीदपुर के पितांबरपुर स्टेशन यार्ड पर चौकीदार वाली रेलवे क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज का निर्माण जल्द शुरू कराने के लिए सांसद धर्मेंद्र कश्यप ने रेल मंत्रालय को पत्र लिखा है। सांसद के मीडिया प्रभारी राहुल कश्यप ने बताया कि रेल मंत्रालय एक हफ्ते में ड्राइंग रिपोर्ट मुरादाबाद भेज देगा।
एक अप्रैल को लोक निर्माण विभाग के मंत्री जितिन प्रसाद ने ओवरब्रिज का शिलान्यास किया था। रेलवे की ओर से ट्रैक के ऊपर बनने वाले पिलर की डिजाइन फाइनल न होने की वजह से अब तक यहां काम शुरू नहीं हो पाया है। सांसद धर्मेंद्र कश्यप ने लोकसभा में शून्यकाल के दौरान फरीदपुर में ओवरब्रिज का मुद्दा उठाया था। इसके बाद तत्कालीन रेल राज्यमंत्री सुरेश अंगड़ी के निर्देश पर लेवल क्रासिंग 352 सी की स्थिति और यातायात का सर्वे कराया गया।
इसमें पाया गया कि इस क्रॉसिंग से एक लाख से ज्यादा वाहनों का ट्रैफिक गुजरता है। मुरादाबाद-लखनऊ सेक्शन पर चौकीदार लेबल क्रासिंग से पौने दो सौ से ज्यादा ट्रेनें रोज निकलती हैं। बार-बार रेल फाटक बंद होने से यहां हर समय जाम लगा रहता है।
बीते दिनों शासन ने 620.65 मीटर लंबे ओवरब्रिज निर्माण के लिए 51.37 करोड़ रुपये की धनराशि मंजूर करते हुए पहली किस्त जारी कर दी थी। रेलवे की ओर से एनओसी न मिलने की वजह से शिलान्यास के बाद भी अब तक यहां काम शुरू नहीं हो पाया है। सांसद की पैरवी के बाद अब जल्द काम शुरू होने की उम्मीद है।



