Bareilly News: बिना अनुमति के खोदी सड़क, जल निगम कर्मचारियों के खिलाफ रिपोर्ट
बरेली। बिना अनुमति के नई बनी सड़क को खोदने के मामले में जल निगम के कर्मचारी फंस गए हैं। कमिश्नर के आदेश की अवहेलना कर इन कर्मचारियों ने एडीएम कंपाउंड के सामने सड़क खोद डाली थी। लोक निर्माण विभाग के अवर अभियंता संजीव कुमार की तहरीर पर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
जून में मंडलायुक्त ने निर्देश दिया था कि कोई भी कार्यदायी संस्था संबंधित विभाग की अनुमति के बिना सड़क नहीं खोदेगी। इसके बाद भी पिछले दिनों जल निगम ने एडीएम कंपाउंड के पास सड़क खोद डाली। जेई के मुताबिक यह सड़क स्मार्ट सिटी के तहत बनवाई गई थी। इसका काम पूरा हो चुका था। अचानक जल निगम ने सुभाषनगर के पानी को सीवर लाइन से जोड़कर एसटीपी लाइन में जोड़ने के लिए इस सड़क की गहरी खोदाई कर दी। आरोप है कि जल निगम ने सड़क खोदने की अनुमति न तो नगर निगम से ली, न ही स्मार्ट सिटी के अफसरों से कोई पत्राचार किया। अफसरों तक बात पहुंची तो अब कार्रवाई की गई है। अभी कर्मचारियों के नाम नहीं देकर अज्ञात के तौर पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।



