Rampur News: संदिग्ध परिस्थितियों में महिला की आग से जलकर मौत
रामपुर। मोहल्ला राजद्वारा निवासी परवीन (40) की संदिग्ध परिस्थितियों में जलकर मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उधर, बताया जा रहा है कि महिला ने घरेलु कलह के चलते अपनी जान दी है।
थाना कोतवाली रामपुर क्षेत्र के मोहल्ला राजद्वारा निवासी अकील की शादी रामपुर के मोहल्ला कुंडा निवासी परवीन से 23 वर्ष पहले हुई थी। जानकारी के अनुसार रविवार रात को परवीन की आग से झुलसकर मौत हो गई। सूचना के बाद थाना कोतवाली पुलिस के साथ सीओ सिटी मौके पर पहुंचे। उधर, सूचना के बाद मृतका के पिता रईसुदुल्ला, भाई शब्बीर, अकरम और असलम भी पहुंच गए। महिला के मायके पक्ष के लोगों की मंशा अनुसार पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा दिया है। अचानक मौत से महिला के तीन बच्चों महक, मुजम्मिल और मुदस्सिर का रो-रो कर बुरा हाल है।
वहीं पति ने बताया कि हादसे के समय सभी परिजन सो रहे थे। चीख-पुकार सुनने के बाद परिवार के लोग उठे तो महिला आग से झुलसी हुई थी, जिसके बाद महिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
– महिला के परिवार वाले अभी किसी से बातचीत नहीं कर रहे हैं। उनसे कोई जानकारी नहीं मिल सकी है। मामले की जांच की जा रही है। -अरुण कुमार, सीओ, रामपुर