Rampur News: हाईवे 17 जुलाई तक रहेगा रूट डायवर्जन
रामपुर। सावन के पहले सोमवार पर मंदिरों में भगवान भोले की आराधना की गई। दूसरी ओर शिव भक्त कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए रूट डायवर्जन के नियम का सख्ती से पालन हुआ। बरेली हाइवे पर एक लेन में कांवड़ियों का रेला डीजे पर नाचते हुए निकला तो दूसरी लेन में बाइक, कार आदि छोटे वाहन गुजरे। वहीं, कांवड़ियों की सुरक्षा को देखते हुए रूट डायवर्जन अब 17 जुलाई तक बढ़ा दिया गया है।
सोमवार को रामपुर से बरेली जाने वाली रोडवेज बसें हाइवे से न गुजारकर शाहबाद से आंवला होकर गुजारी गईं। मुरादाबाद जाने वाली बसाें को शाहबाद से बिलारी होकर निकाला गया। बसों के अलावा ट्रक, लोडर, डीसीएम आदि बड़े वाहन शाहबाद की ओर से ही गुजारे गए। शहर के अंदर रोडवेज बसें और बड़े वाहनों का आवागमन बंद रहा। हाइवे से आनी वाली रोडवेज बसें शहजादनगर बाइपास से होकर बस स्टैंड पर पहुंची और यहीं से बाइपास की ओर इनकी वापसी की गई। इधर, हल्द्वानी व रुद्रपुर से आने वाले ट्रक, लोडर, रोडवेज बस आदि भारी वाहनों को बिलासपुर गेट से होकर गुजारा गया। इसी प्रकार रामपुर से जाने वाले भारी वाहन इसी रूट से होकर निकले। यातायात प्रभारी अवधेश कुमार ने बताया रूट डायवर्जन 17 जुलाई तक लागू रहेगा। बरेली-मुरादाबाद हाइवे पर रोडवेज बसें, ट्रक, लोडर आदि बड़े वाहन नहीं गुजारे जाएंगे।
रूट डायवर्जन से यात्रियों की बढ़ी दिक्कत
रूट डायवर्जन की वजह से यात्रियों की दिक्कते बढ़ गई हैं। बसें बदले रूट से चल रही हैं। ऐसे में दूरी बढ़ने पर किराया बढ़ गया है। इसी के साथ सफर करने में समय भी अधिक लग रहा है। इससे यात्री परेशान हैं।