बरेली

Bareilly News: बढ़ रहा डेंगू का प्रकोप, स्वास्थ्य केंद्र भेजे रहे सिर्फ दो-तीन सैंपल

Connect News 24

बरेली। डेंगू संदिग्ध मरीजों की मौत के मामले बढ़ रहे हैं। इसके बाद भी एलाइजा जांच के प्रति स्वास्थ्य केंद्र के जिम्मेदारों का रवैया लापरवाही भरा है। इसकी पुष्टि विभागीय रिपोर्ट कर रही है। जिले के 16 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों से रोज सिर्फ 50 सैंपल एलाइजा जांच के लिए भेजे जा रहे हैं। केंद्रवार देखा जाए तो सिर्फ दो-तीन सैंपल ही भेजे जा रहे हैं।

जिला अस्पताल स्थित ब्लड बैंक में डेंगू संदिग्ध मरीजों की एलाइजा जांच होती है। देहात क्षेत्र स्थित सीएचसी-पीएचसी पर सिर्फ कार्ड टेस्ट होता है। पीएचसी पर पहुंचे मरीज को कई बार सीएचसी रेफर कर दिया जाता है। सीएचसी से मरीज का सैंपल लेकर एलाइजा जांच के लिए जिला अस्पताल भेजा जाता है। रिपोर्ट पर गौर करें तो बीते कई दिनों से रोज औसतन 50 सैंपल ही एलाइजा जांच के लिए पहुंच रहे हैं।

नियमानुसार ओपीडी में पहुंच रहे बुखार के मरीजों में से रोज 30 फीसदी का कार्ड टेस्ट और 10 फीसदी मरीजों का एलाइजा टेस्ट होना चाहिए। मगर स्वास्थ्य केंद्रों पर यह आदेश महज कागजों तक ही सीमित है।

मानेंगे एलाइजा रिपोर्ट, करेंगे कार्ड टेस्ट

जिले में अब तक एनएस-1 कार्ड टेस्ट में पॉजिटिव पाए गए 36 लोगों की मौत हो चुकी है पर अब तक डेंगू से एक भी मौत नहीं हुई। स्वास्थ्य विभाग एलाइजा जांच की रिपोर्ट पाॅजिटिव होने पर ही मरीज को डेंगू पीड़ित मानता है। उधर, स्वास्थ्य केंद्रों पर व अति प्रभावित इलाकों में लगने वाले शिविरों में सिर्फ कार्ड टेस्ट ही हो रहे हैं।

13 डेंगू मरीज मिले, दो लोगों ने गंवाई जान

बुधवार को 13 डेंगू पॉजिटिव मिलने के बाद मरीजों का आंकड़ा 776 जा पहुंचा। इधर दो लोगों की मौत के बाद डेंगू संदिग्धों का आंकड़ा 36 पहुंचा गया। बिथरी चैनपुर के बहादुरपुर करोड़ निवासी कुंता देवी (50) की मौत हो गई। पति राजेन्द्र शर्मा के मुताबिक निजी अस्पताल ने डेंगू संदिग्ध बताया था। शीशगढ़ के गिरधरपुर की हीराकली (35) की बुखार से मौत हो गई। वह पांच दिन से बुखार की चपेट में थीं।

वर्जन

बुखार के मरीजों की नियमानुसार जांच की जा रही है। स्वास्थ्य केंद्रों से एलाइजा जांच के लिए सैंपल लैब पहुंच रहे हैं। जिन केंद्रों से सैंपल कम आ रहे हैं, उन्हें चिह्नित कर सैंपलिंग बढ़ाने के निर्देश दिए जाएंगे। – डॉ. विश्राम सिंह, सीएमओ


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button