Bareilly News: शस्त्र जमा कराएं वर्ना फिर होंगे प्रेमनगर जैसे गोलीकांड; एडीजी ने थानेदारों को दिए निर्देश

बरेली जोन के एडीजी प्रेम चंद्र मीना
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बरेली जिले में 11 मई को निकाय चुनाव प्रस्तावित है। एडीजी और आईजी ने पुलिस लाइन स्थित सभागार में चुनावी तैयारियों की समीक्षा की। एडीजी ने प्रेमनगर में कबाब कारीगर की हत्या व फरीदपुर गोलीकांड में लाइसेंसी हथियारों के इस्तेमाल का जिक्र कर नाराजगी जताई। थानेदारों से कहा कि लाइसेंसी हथियारों को जमा करा लें वर्ना ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति हो सकती है।
बैठक में एडीजी पीसी मीना और आईजी डॉ. राकेश सिंह ने आदर्श आचार संहिता का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए। अराजक तत्वों और हिस्ट्रीशीटरों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई करने को कहा। जिले और राज्य की सीमाओं पर चेकिंग शुरू कराने और संचार व्यवस्था दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। मतदान के दिन यूपी 112 वाहनों का रूट चार्ट और तैनाती का स्थान तय करने व दूसरे जिलों से चुनाव ड्यूटी करने आए पुलिस बल के रहने की उचित व्यवस्था करने को कहा।
संवेदनशील मतदान केंद्रों पर ड्रोन कैमरों से निगरानी करने, गैरजमानती वारंट तामील कराने, सोशल मीडिया पर नजर रखने, भड़काऊ मेसेज या पोस्ट करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा।



