Bareilly News: स्मार्ट लाइट से जगमगाएगी दिवाली, गीजर-हीटर की मांग अधिक
बरेली। धनतेरस और दिवाली पर घर को सजाने के साथ बाजार के भी चमकने की उम्मीद है। बाजार में उमड़ रही ग्राहकों की भीड़ के कारण कारोबारियों ने पिछले वर्ष के सापेक्ष इस बार करीब 25 फीसदी अधिक उछाल बाजार में दर्ज होने उम्मीद जताई है।
इलेक्ट्रॉनिक कारोबारियों के मुताबिक नवरात्र, करवाचौथ के बाद अब धनतेरस और दिवाली के साथ ही सहालग सीजन के लिए भी खरीदारी हो रही है। इलेक्ट्रॉनिक बाजार पर सर्दियों का असर साफ नजर आ रहा है। अलग-अलग बाजारों में इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकानों पर ग्राहकों की कतार लग रही है। सबसे ज्यादा मांग वॉशिंग मशीन, एलईडी स्मार्ट टीवी, मिक्सर, गीजर, हीटर, ब्लोअर की मांग सर्वाधिक है। कारोबारियों का मानना है कि अब लोग ठंड के मौसम को देखते हुए खरीदारी कर रहे हैं।
साथ ही, सहालग सीजन भी दिवाली के दस दिन बाद शुरू हो जाएंगे। ऐसे में धनतेरस के शुभ मुहूर्त पर घर-गृहस्थ में प्रयोग होने वाले इलेक्ट्रॉनिक सामानों की खरीदारी और बुकिंग हो रही है। धनतेरस और दिवाली पर करीब 30 करोड़ के कारोबार का अनुमान है।
युवाओं को भा रही है स्मार्ट एलईडी लाइट
कारोबारियों के मुताबिक अबकी बार बाजार में स्मार्ट लाइट भी आई हैं। इनकी कीमत 60 रुपये से लेकर गुणवत्ता के आधार पर 500 रुपये तक है। इनमें एक लाइट से ही कई रंग बिखरते हैं। इसे मोबाइल से ही ऑपरेट किया जा सकता है। ज्यादातर उपकरण वही खरीदे जा रहे हैं, जो मोबाइल के जरिये भी संचालित किए जा सकें।
मोबाइल में मांग रहे 8 जीबी रैम, 256 जीबी स्टोर
मोबाइल कारोबारी संदीप मेहरा के मुताबिक बाजार से ऑफलाइन भी उन्हीं दामों पर मोबाइल खरीद सकते हैं, जो कीमत ऑनलाइन दिखाई दे रही है। पुराने फोन पर एक्सचेंज ऑफर भी चल रहे हैं। 5-जी सर्विस के साथ आठ जीबी रैम और 256 जीबी स्टोरेज की क्षमता वाले स्मार्टफोन की सेल ज्यादा है। 12 हजार से 30 हजार रुपये तक की कीमत वाले मोबाइल फोन की मांग सर्वाधिक है।
फोटो वर्जन
धनतेरस और दिवाली के लिए खूब खरीदारी हो रही है। बाजार पर सर्दियों की सुगबुगाहट का असर दिख रहा है। अब फ्रिज से ज्यादा गीजर, हीटर की बिक्री हो रही है। – दीपक भसीन, संगम एप्लायंस एंड इलेक्टि्रकल
कंपनियों के अलावा हमारी ओर से भी ग्राहकों को आकर्षक ऑफर दिए जा रहे हैं। इसमें डिस्काउंट समेत एक व्यक्ति द्वारा निर्धारित धनराशि से ज्यादा खरीद पर ऑफर्स हैं। – नीरज अरोरा, अरोरा लाइट्स एंड एप्लायंस



