Bareilly News: उर्स के दौरान तीन दिन बदल जाएगा ई-बसों का रूट
बरेली। उर्स के दौरान शहर में ई-बसों के रूट में भी परिवर्तन किया जाएगा। जायरीन की सुविधाओं को देखते हुए आठ सितंबर को नए रूट जारी किए जा सकते हैं। सिटी बस सर्विसेज के अधिकारियों में इसको लेकर मंथन चल रहा है।
उर्स के दौरान भीड़ को देखते हुए रोडवेज ने पुराने बस अड्डे से बसों का संचालन तीन दिन के लिए सेटेलाइट बस अड्डे पर शिफ्ट कर दिया है। ऐसे में सेटेलाइट बस अड्डे पर यात्रियों का दबाव कई गुना बढ़ जाएगा। सेटेलाइट बस अड्डे से जायरीन इस्लामिया इंटर कॉलेज प्रांगण और आला हजरत दरगाह जाएंगे। सीबीगंज के मथुरापुर के उर्स में भी शामिल होंगे।
जायरीन की सुविधा के लिए सिटी बसों का रूट बदल कर संचालन की तैयारी शुरू कर दी गई है। सिटी बस डिपो की इंचार्ज मनीषा दीक्षित ने बताया कि उर्स के दौरान जायरीन और आम लोगों की सुविधा के लिए नए रूटों पर विचार किया जा रहा है। दो-तीन दिन में स्थिति साफ कर दी जाएगी।
आला हजरत दरगाह के प्रमुख सुब्हानी मियां के निर्देश पर प्रतिनिधि मंडल ने मंगलवार को रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक (आरएम) दीपक चौधरी से मुलाकात की। 10 से 12 सितंबर तक उर्स के दौरान बसों की संख्या और बढ़ाने की अपील की।
बताया कि दिल्ली में जी-20 सम्मेलन की वजह से ट्रेनों को निरस्त किया गया है। बड़ी संख्या में दिल्ली की ओर से आने वाले जायरीन अब वैकल्पिक व्यवस्था तलाश रहे हैं। बसों के फेरे बढ़ाने की सूचना दूरदराज तक सार्वजनिक होगी तो जायरीन को मदद मिलेगी। प्रतिनिधि मंडल ने बस अड्डों पर व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने की मांग करते हुए ज्ञापन भी सौंपा। क्षेत्रीय प्रबंधक ने प्रतिनिधि मंडल को विभिन्न रूटों पर बसों की बढ़ाई गई संख्या के बारे में बताया। जरूरत के अनुसार बसों के फेरे बढ़ाने का आश्वासन दिया। प्रतिनिधि मंडल में परवेज नूरी, नासिर कुरैशी, हाजी जावेद खान, शाहिद नूरी, औरंगजेब नूरी, ताहिर अल्वी आदि रहे।
आला हजरत और अमीने शरीअत उर्स के दौरान जायरीन की सुविधा के लिए ऑल इंडिया रजा एक्शन कमेटी ने स्पेशल ट्रेन की मांग की है। उर्स के दौरान रेलवे स्टेशनों पर जायरीन की सुविधाओं का ध्यान रखने और उर्स के दौरान स्पेशल ट्रेन चलाने की मांग को लेकर कमेटी की ओर से बुधवार को दोपहर एक बजे डीआरएम को संबोधित ज्ञापन स्टेशन अधीक्षक को दिया जाएगा। यह जानकारी कमेटी के हनीफ रजा अजहरी ने दी।



