Bareilly News: जेल में भी शिक्षा का उजास, छह में से पांच बंदी प्रथम श्रेणी में पास
बरेली। केंद्रीय कारागार के आठ बंदियों ने इस बार बोर्ड की परीक्षा दी थी, जिनमें से छह पास हुए हैं। सीतापुर के ही दो बंदियों ने जेल में टॉप किया है। तिहरे हत्याकांड के आरोपी ओंकार सिंह ने हाईस्कूल में पत्नी के हत्यारोपी छोटेलाल ने इंटर में टॉप किया है। तीन बंदियों ने हाईस्कूल की परीक्षा दी थी। इसमें से दो ने प्रथम श्रेणी में परीक्षा पास की। पांच बंदियों ने इंटर की परीक्षा दी थी, इनमें से तीन प्रथम, एक बंदी ने द्वितीय श्रेणी में परीक्षा पास की है।
सीतापुर जिले के थाना सिंधौली झखरावा निवासी छोटेलाल पत्नी की हत्या के आरोप में बंद है। उसने इंटर की परीक्षा पास करते हुए जेल में सर्वाधिक 367 अंक प्राप्त किए हैं। छोटेलाल 13 साल 10 महीने से जेल में सजा काट रहा है। सीतापुर के थाना कमलापुर सिजौलिया निवासी ओंकार सिंह पर एक परिवार के तीन लोगों की हत्या का आरोप है। उसने हाईस्कूल में प्रथम श्रेणी लाते हुए जेल में सर्वाधिक 503 अंक प्राप्त किए हैं। वह 21 साल 11 महीने की सजा काट चुका है। ओंकार सिंह केंद्रीय कारागार में निरुद्ध अशिक्षित बंदियों को पढ़ाता भी है और बंदियों के लिए इग्नू द्वारा संचालित पाठ्यक्रम में भी सहयोग करता है।
हत्या में बंद नईमा ने जिला जेल में किया टॉप
बरेली। रामपुर जेल में बंद कटघर मुरादाबाद की नईमा ने हाईस्कूल की परीक्षा बरेली जिला जेल (केंद्रीय कारागार-2) में पड़े सेंटर से दी थी। नईमा को 600 में से 436 अंक मिले हैं। वह उम्रकैद की सजा काट रही है।
जेलों में बंदियों को शिक्षा से जुड़ी गतिविधियों में शामिल होने की छूट रहती है। इस बार भी बंदियों ने बोर्ड की परीक्षा में उल्लेखनीय स्थान हासिल किया है। – आरएन पांडेय, प्रभारी डीआईजी जेल



