बरेली

Bareilly News: जिपं सदस्य के एक रिक्त पद पर आठ उम्मीदवारों की दावेदारी

Connect News 24

बरेली। ग्राम, क्षेत्र और जिला पंचायत के रिक्त पदों पर उपचुनाव के लिए मंगलवार को नामांकन पर्चे दाखिल हुए। वार्ड 16 टांडा छंगा से जिला पंचायत सदस्य की रिक्त सीट पर आठ उम्मीदवारों ने 10 पर्चे भरे हैं।

कलक्ट्रेट में बारिश के बीच उम्मीदवार नामांकन के लिए पहुंचते रहे। वार्ड 16 से जिला पंचायत सदस्य के के रिक्त पद पर समाजवादी पार्टी समर्थित जसविंदर कौर और भारतीय जनता पार्टी समर्थित शिल्पी चौधरी ने नामांकन किया। कवलजीत कौर, सुषमा चौधरी, कलावती, रजनी देवी, दीक्षा कुमारी, कान्ती देवी ने भी पर्चा भरा। रिटर्निंग ऑफिसर एडीएम एफआर संतोष बहादुर सिंह ने बताया कि नामांकन शांतिपूर्ण रहा। ब्लॉक कार्यालयों में ग्राम प्रधान, सदस्य और क्षेत्र पंचायत सदस्यों के रिक्त पदों के लिए नामांकन हुए। बुधवार को नामांकन पत्रों की जांच होगी। 24 अगस्त नाम वापसी के बाद उम्मीदवारों की अंतिम सूची जारी होगी। इसी दिन प्रतीक आवंटन भी होगा। छह सितंबर को मतदान और आठ को मतगणना होगी।

भाजपा समर्थित प्रत्याशी शिल्पी चौधरी के नामांकन के दौरान सांसद संतोष गंगवार, पूर्व मंत्री छत्रपाल सिंह, ब्लॉक प्रमुख अमरिंदर सिंह गोल्डी, जिला पंचायत अध्यक्ष के प्रतिनिधि प्रशांत पटेल, पूर्व ब्लाॅक प्रमुख चौधरी आराम सिंह, वीरपाल गंगवार व अन्य मौजूद रहे। सपा समर्थित जसविंदर कौर के नामांकन के दौरान पति सरदार इकबाल सिंह चीमा, विधानसभा क्षेत्र के अध्यक्ष नासिर रजा खान, जिला उपाध्यक्ष चौधरी विजेंदर सिंह, महानगर उपाध्यक्ष शेर सिंह, अलमजीत सिंह, तरसेम सिंह, पूर्व प्रधान अवतार सिंह, दिलेर सिंह आदि लोग मौजूद रहे।

ग्राम और क्षेत्र पंचायतों के रिक्त पदों पर उपचुनाव के लिए नामांकन पर्चे ब्लॉक कार्यालयों में दाखिल हुए। शेरगढ़ के पल्था ग्राम पंचायत में प्रधान पद पर सब्वीरन और सदस्य पद के लिए कमाल सुमाली से चन्द्रकली, म्यूडी बुजुर्ग से समरीन जहां, नगला से ढाकन लाल ने पर्चा दाखिल किया। रामनगर के वार्ड नं 55 और 47 से क्षेत्र पंचायत सदस्य के लिए नौ लोगों ने पर्चे भरे। ग्राम पंचायत सदस्य के लिए हर वार्ड से एक-एक पर्चा भरा गया।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button